खबरवाणी
सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह से लिया हिस्सा, विधायक ने किया प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन
भौंरा। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत नगर के शासकीय उच्चतर कन्या माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय उच्चतर बालक माध्यमिक विद्यालय, भौंरा में विद्यार्थियों की रचनात्मक एवं अभिव्यक्ति क्षमता को मंच देने के उद्देश्य से चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए चित्रों और अपने विचारों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके दोनों विद्यालयों में पहुंचीं और विद्यार्थियों की गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं में शामिल छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। चित्रकला में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया, जबकि भाषण प्रतियोगिता में उन्होंने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पाठ्यक्रम के साथ रचनात्मक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ मंच पर अपनी बात रखने का अवसर देते हैं। इससे उनके आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित गतिविधियों में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सरपंच मीरा धुर्वे, जनपद सदस्य सुधीर नायक सहित भाजपा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





