खबरवाणी
भारत को जानो प्रतियोगिता में कोरोला के बालको की टीम प्रथम
मुलताई।भारत विकास परिषद मां ताप्ती शाखा मुलताई द्वारा विकासखंड स्तरीय भारत को जानो’ प्रतियोगिता रविवार को पीएम श्री कन्या शाला परिसर में आयोजित की गई।जिसमे मुलताई ब्लॉक के 25 स्कूलों के कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के शाला स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित 60 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इससे पहले प्रतियोगिता का प्रथम चरण पूर्व में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किया गया था।जिसमें 2000 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की थी। प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में एसएस. कॉन्वेंट स्कूल, दातोरा की छात्राओं डॉली उकंड़े एवं वंशिका मोहबे की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आरडी पब्लिक स्कूल, मुलताई के विद्यार्थियों गुरूत्व पानकर एवं आनंद कुमार की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार वरिष्ठ वर्ग में कोरोला पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों जयेश भार्गव एवं कौतुक तिरुलकर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।जबकि आरडी. पब्लिक स्कूल, मुलताई की छात्राओं चारवी पवार एवं गुंजन मगरदे की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त टीमों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विकासखंड स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमें 27 सितंबर 2026 को नर्मदापुरम में आयोजित होने वाली प्रांत स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में मुलताई का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह में परिषद् के प्रांत संस्कार संयोजक अभिषेक खंडेलवाल, जिला समन्वयक राजीव जैन, शाखा अध्यक्ष प्रशांत भार्गव, सचिव कन्हैया सोनी, कोषाध्यक्ष संदीप भार्गव, संस्कार प्रमुख राहुल भार्गव, महिला प्रमुख माधुरी साबले, पर्यावरण प्रमुख प्रवीण जैन सहित विनोद जैन, गजानन कावड़कर, मनोज उइके, राजेश्वर बुवाडे, महेश खत्री, देवेंद्र जैन एवं गिरीश मदरदे उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षक एवं पालक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारत के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं, महापुरुषों एवं राष्ट्रीय उपलब्धियों के प्रति ज्ञान और जागरूकता बढ़ाना है।





