Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

मक्का-तुअर की फसल के बीच उगा रखे थे गांजे के पौधे, 175 पौधे जब्त

By
On:

खबरवाणी

मक्का-तुअर की फसल के बीच उगा रखे थे गांजे के पौधे, 175 पौधे जब्त

बीजादेही पुलिस की कार्रवाई, 39.800 किलो गांजे के पौधे मिले; एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

भौंरा । बीजादेही थाना क्षेत्र के ग्राम ढोढरामउ में पुलिस ने अवैध रूप से गांजे की खेती का खुलासा करते हुए 175 गांजे के हरे पौधे जब्त किए हैं। पौधों का कुल वजन 39 किलो 800 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.56 लाख रुपए है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ढोढरामउ निवासी प्रेमलाल काजले ने अपने खेत में बनी झोपड़ी के आसपास मक्का और तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए बीजादेही पुलिस टीम स्वतंत्र साक्षियों के साथ ग्राम ढोढरामउ स्थित हरदु वाला टेकड़ा पहुंची। खेत की तलाशी लेने पर फसलों के बीच गांजे के पौधे मिले। मौके पर पुलिस ने पौधों की गिनती की, जिसमें कुल 175 पौधे पाए गए। इनकी ऊंचाई करीब 3 से 8 फीट तक थी। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल कर कुल वजन 39 किलो 800 ग्राम दर्ज किया। नियमानुसार 400-400 ग्राम के दो नमूने अलग किए गए तथा शेष गांजे के पौधों को पैक कर सीलबंद किया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने भूमि स्वामी प्रेमलाल काजले पिता श्यामलाल काजले, निवासी ढोढरामउ के विरुद्ध थाना बीजादेही में अपराध क्रमांक 68/2026 दर्ज किया है। मामले में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कार्रवाई में एसडीओपी शाहपुर सेफा हाशमी, थाना प्रभारी बीजादेही निरीक्षक रामकुमार मीणा, उपनिरीक्षक जीएस बिल्लौरे, प्रधान आरक्षक गजानंद, प्रधान आरक्षक अरविंद राजपूत, आरक्षक सौरभ राजोरे सहित बीजादेही थाना पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आमजन से मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री, तस्करी और अवैध खेती से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आसपास मादक पदार्थों की अवैध खेती या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News