खबरवाणी
मोटर रिपेयरिंग दुकान के ताले तोड़कर 200 किलो कॉपर-पीतल लेकर फरार हुए चोर
बेल बाजार में चोरी से व्यापारियों में दहशत
व्यस्त बाजार में रातभर सक्रिय रहे चोर
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बैतूल। सदर बैल बाजार क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक मोटर रिपेयरिंग दुकान का ताला तोड़कर करीब 85 हजार रुपए कीमत की कॉपर और पीतल सामग्री चोरी कर ली। वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भारी मात्रा में धातु सामग्री चोरी होने से संगठित गिरोह की आशंका भी जताई जा रही है।
दुकान में हुई चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। फुटेज में युवक दुकान के ताले तोड़ते दिखाई दे रहा हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी नरेश पिता गेन्दराव लिखितकर (40) निवासी सदर बैतूल मोटर रिपेयरिंग का कार्य करते हैं। उनकी दुकान बेल बाजार सदर क्षेत्र में स्थित है। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वह 22 मई की रात रोजाना की तरह करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 23 मई की सुबह करीब 8:15 बजे उमेश बडघरे ने फोन कर सूचना दी कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलने पर जब वह दुकान पहुंचे तो दुकान के ताले टूटे मिले और अंदर रखा सामान गायब था।
फरियादी के अनुसार चोर दुकान से करीब 118 किलो कॉपर वायर, 60 किलो कॉपर वायर स्क्रैप और लगभग 25 किलो पुराने पीतल के बुश चोरी कर ले गए। चोरी गई सामग्री का कुल मूल्य करीब 85 हजार रुपए बताया गया है। इतनी भारी मात्रा में धातु सामग्री चोरी होने से यह आशंका जताई जा रही है कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं तथा चोरी किए गए माल को वाहन के माध्यम से ले जाया गया होगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले में कोतवाली बैतूल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध क्रमांक 0426/2026 दर्ज किया है। एफआईआर 23 मई की रात 9:06 बजे दर्ज की गई। मामले की जांच ऑफिशिएटिंग हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह राजपूत को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है तथा संभावित सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
बाजार क्षेत्र की सुरक्षा पर उठे सवाल
बैल बाजार जैसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र में ताला तोड़कर भारी मात्रा में धातु सामग्री चोरी होने की घटना ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि रात में नियमित गश्त होती तो इस तरह की वारदात रोकी जा सकती थी। वहीं पुलिस अब कबाड़ी बाजार और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच में जुटी हुई है।





