खबरवाणी
जनता के सवालों के बीच सरपंच ने छोड़ी युवा जन संवाद बैठक
बैतूल/भैंसदेही। ग्राम पंचायत कार्यालय आमला में ग्रामीण समस्याओं और पंचायत के विकास कार्यों को लेकर आयोजित युवा जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, स्वच्छता और पंचायत से जुड़े कार्यों को लेकर सवाल उठाए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सरपंच से पंचायत के विकास कार्यों और ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण को लेकर सवाल किए। इसी बीच, आयोजकों के अनुसार, सवाल-जवाब के दौरान सरपंच मैडम बैठक छोड़कर चली गईं। इससे बैठक में मौजूद ग्रामीणों के बीच चर्चा का माहौल बन गया।
युवा जन संवाद का उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याएं खुलकर रखने और पंचायत के विकास कार्यों को लेकर जवाब मांगने का मंच उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में युवाओं और ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत स्तर पर होने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।
आयोजकों ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को केवल चर्चा तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि संबंधित विभागों के समक्ष भी उठाया जाएगा। “जनता सवाल पूछेगी और जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा”— इसी उद्देश्य के साथ युवा जन संवाद को आगे भी जारी रखने की बात कही गई।
पवन पारधे संस्थापक युवा शक्ति संगठन की ओर से कहा गया कि ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और गांव के विकास के लिए लगातार संवाद किया जाएगा।





