खबरवाणी
रफ्तार का कहर: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत
नांदा बैरियर के पास दर्दनाक हादसा, सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर मची अफरा-तफरी
संवाददाता | प्रदीप यादव, भीमपुर
भीमपुर। नांदा गांव के पास सोमवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार पिकअप और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में गढ़ा गांव निवासी हेमंत महस्की के सिर में गंभीर चोट आई। हादसा इतना भीषण था कि घायल हेमंत के सिर से काफी खून बहने लगा।
जानकारी के अनुसार हेमंत महस्की बाइक से अपने ससुराल चानंदू गांव जा रहा था। इसी दौरान नांदा बैरियर के पहले मोड़ पर नांदा की ओर से आ रही पिकअप वाहन से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद हेमंत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायल हेमंत को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चाबी और मोबाइल लेने के बाद चालक हुआ फरार
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई थी। कुछ युवाओं ने पिकअप चालक से वाहन की चाबी और मोबाइल अपने पास ले लिया था। ग्रामीण घायल को अस्पताल पहुंचाने में जुट गए। इसी दौरान मौका पाकर पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।





