आईसीसी ने अप्रैल महीने के लिए मेंस और विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के नॉमिनेशन जारी कर दिए हैं। लेकिन इस बार भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए खबर थोड़ी मायूस करने वाली रही, क्योंकि किसी भी भारतीय खिलाड़ी को इस लिस्ट में जगह नहीं मिली। आमतौर पर टीम इंडिया के खिलाड़ी हर महीने शानदार प्रदर्शन के चलते चर्चा में रहते हैं, लेकिन अप्रैल में ऐसा देखने को नहीं मिला। इसकी बड़ी वजह IPL 2026 को माना जा रहा है, जहां भारतीय खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर टी20 लीग में व्यस्त रहे।
भारतीय खिलाड़ियों का नाम न होना बना चर्चा का विषय
क्रिकेट गलियारों में इस बात की खूब चर्चा हो रही है कि आखिर ICC की लिस्ट में एक भी भारतीय खिलाड़ी क्यों नहीं है। अप्रैल महीने में ज्यादातर इंटरनेशनल सीरीज एसोसिएट देशों के बीच खेली गईं, जहां कई खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। भारतीय टीम इस दौरान IPL 2026 में बिजी रही, इसलिए टीम इंडिया के खिलाड़ियों को इंटरनेशनल मैच खेलने का मौका ही नहीं मिला। यही कारण है कि इस बार ICC की नॉमिनेशन लिस्ट में भारत का दबदबा नहीं दिखा।
बांग्लादेश के नाहिद राणा ने मचाया धमाल
मेंस प्लेयर ऑफ द मंथ की रेस में बांग्लादेश के युवा तेज गेंदबाज नाहिद राणा का नाम सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है। सिर्फ 23 साल के इस खिलाड़ी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में कमाल की गेंदबाजी की। नाहिद ने कुल 8 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों की कमर तोड़ दी। उनकी तेज रफ्तार और शानदार लाइन-लेंथ ने क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। अब उन्हें अप्रैल महीने का बड़ा दावेदार माना जा रहा है।
ओमान के जतिंदर सिंह की तूफानी बल्लेबाजी
ओमान के स्टार बल्लेबाज जतिंदर सिंह ने भी अप्रैल महीने में खूब रन बरसाए। उन्होंने कुल 266 रन बनाए और उनका औसत 53.20 का रहा। नेपाल के खिलाफ खेली गई उनकी 139 रन की विस्फोटक पारी ने हर किसी को हैरान कर दिया। सिर्फ 91 गेंदों में खेली गई इस धुआंधार पारी में चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिली। क्रिकेट एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि जतिंदर सिंह ICC अवॉर्ड के मजबूत दावेदार हैं।
UAE के अयान खान ने गेंद से बरपाया कहर
यूएई के तेज गेंदबाज अयान खान ने भी अपने प्रदर्शन से खूब वाहवाही लूटी। नेपाल के खिलाफ दो मैचों में उन्होंने 3 विकेट झटके, जबकि ओमान के खिलाफ एक मुकाबले में अकेले 6 विकेट लेकर तहलका मचा दिया। उनकी शानदार गेंदबाजी ने UAE टीम को बड़ी मजबूती दी। ICC ने उनके इसी दमदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें नॉमिनेशन में शामिल किया है।
विमेंस कैटेगरी में भी विदेशी खिलाड़ियों का दबदबा
महिला वर्ग में भी इस बार भारतीय खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली। दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट, श्रीलंका की इमेशा दुलानी और ब्राजील की ऑलराउंडर लॉरा कार्डोसो को नॉमिनेट किया गया है। इन खिलाड़ियों ने अप्रैल महीने में शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीमों को जीत दिलाई। अब देखना दिलचस्प होगा कि आखिर ICC अप्रैल महीने का बेस्ट खिलाड़ी किसे चुनती है।
Read Also :- सर्वर बंद होने पर ऑफलाइन राशन वितरण करने के निर्देश दें सरकार





