खबरवाणी
पूर्णा वार्ड में वर्षों से बनी कथित अवैध कॉलोनी, सुविधाओं के नाम पर खाली दावे
प्लॉट काटकर मकान बनाने वाले रहवासियों को नहीं मिल रहीं मूलभूत सुविधाएं, कॉलोनी संचालक शहजाद शेख पर कार्रवाई की मांग
भैंसदेही। नगर के वार्ड क्रमांक 11 स्थित पूर्णा वार्ड में कथित अवैध कॉलोनी को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहजाद शेख द्वारा लंबे समय पहले प्लॉट काटकर कॉलोनी विकसित की गई, लेकिन वर्षों बीतने के बाद भी कॉलोनी को वैध नहीं कराया गया और रहवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार कॉलोनी में प्लॉट खरीदकर गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों ने अपने मकान बना लिए और वर्षों से निवास कर रहे हैं, लेकिन सड़क, नाली सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी विकसित करने के दौरान जिन सुविधाओं और विकास कार्यों की उम्मीद थी, वे अब तक पूरी तरह उपलब्ध नहीं हो सके हैं।
वहीं, शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कॉलोनी से जुड़े विकास शुल्क एवं करों का नगर परिषद भैंसदेही में भुगतान किए जाने की स्थिति भी स्पष्ट नहीं है। ऐसे में कॉलोनी की वैधता, भूमि की स्थिति, अनुमति और विकास शुल्क सहित पूरे मामले की जांच की मांग की गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से मामले की गंभीरता से जांच कर कॉलोनी संचालक शहजाद शेख के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने तथा रहवासियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।






