खबरवाणी
*सेवा संकल्प अभियान के तहत शिवाजी नगर एवं चिंचाला में विकास कार्यों की अर्चना चिटनिस ने की समीक्षा, नागरिकों की समस्याएं सुनींय जनता ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत*
बुरहानपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुरहानपुर के वार्ड क्रमांक 47 शिवाजी नगर एवं वार्ड क्रमांक 48 चिंचाला में जनसंपर्क कर नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे एवं पूर्ण हो चुके विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण कर उनकी प्रगति एवं स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने नागरिकों से एक-एक कर उनकी समस्याएं एवं स्थानीय आवश्यकताएं जानीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसंपर्क के दौरान सड़क, नाली, सीमेंट कंक्रीट मार्ग, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर नागरिकों से चर्चा हुई। श्रीमती चिटनिस ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ धरातल पर नागरिकों को मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
वार्ड क्रमांक 47 शिवाजी नगर में श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री नगरीय अधोसंरचना विकास योजना अंतर्गत स्वीकृत किए गए 15 लाख की लागत से नाली एवं सीमेंट कंक्रीट मार्ग निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। क्षेत्रवासियों से संवाद के दौरान सामने आई अन्य आवश्यकताओं को भी सुना और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वार्ड क्रमांक 48 चिंचाला में शीतला माता मंदिर परिसर में 5 लाख की स्वीकृत लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन एवं सीसी मार्ग निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित कार्य की स्थिति एवं संबंधित जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ताप्ती आंचल कातिया समाज के सामुदायिक भवन में 3 लाख की लागत से पूर्ण हुए फर्शीकरण कार्य का भी अवलोकन किया। समाजजनों से संवाद कर सामुदायिक भवन में चल रहे एवं पूर्ण हो चुके कार्यों की जानकारी ली। समाज हित से जुड़ी अन्य मांगों एवं क्षेत्र की आवश्यकताओं पर भी चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
श्रीमती चिटनिस ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा निर्माण की गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा और नागरिकों को मिलने वाली सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। पूर्ण हो चुके कार्यों में यदि किसी प्रकार की कमी सामने आती है तो उसे भी प्राथमिकता से दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता से सीधा संवाद क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने का प्रभावी माध्यम है। नागरिकों की समस्याओं और सुझावों के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निरंतर प्राथमिकता रहेगी।
जनसंपर्क के दौरान शिवाजी नगर एवं चिंचाला में वार्डवासियों और समाजजनों ने श्रीमती अर्चना चिटनिस का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर, बड़ी माला पहनाकर तथा शाल-श्रीफल भेंट कर उनका स्वागत किया। कुछ स्थानों पर जेसीबी के माध्यम से भी पुष्पवर्षा की गई। क्षेत्रवासियों ने किए जा रहे विकास कार्यों के लिए श्रीमती चिटनिस का आभार व्यक्त किया।
श्रीमती चिटनिस ने वार्डवासियों एवं समाजजनों के स्नेह, विश्वास और आत्मीय स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह स्नेह और विश्वास ही निरंतर जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करता है।
इस अवसर पर नगर निगमाध्यक्ष श्रीमती अनिता अमर यादव, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, पार्षद आशीष शुक्ला, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, मनोज फुलवाणी, श्रीमती मीणा महेन्द्र सुरवाड़े, विजय शेवाड़े, रूद्रेश्वर एंडोले, वामन मोटे, दिलीप दिवेकर, विजय कार्ले, ज्योतिबा धड़स, सुरेश पवार, अंकुश रोकड़े, कैलाश हरने, देवा सोनवणे, सुनिल भीसे, पप्पू हाजी, अमजद, गणेश दुनगे, महेश कुल्हारे, अनिल गोलांडे, राजा गायकवाड़, सरपंच अजय गोटे, कांतिलाल मावले एवं विनोद पाटिल सहित जनप्रतिनिधि व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
दिनांक:- 23 सितंबर 2026
03




