खबरवाणी
लक्डजाम जलाशय में युवती की मौत: पुलिस जांच पर उठ रहे
सवाल, दो मोबाइल और डायरी की जांच पर उठे सवाल
संवाददाता प्रदीप यादव भीमपुर
भीमपुर। 17 सितंबर को लक्डजाम जलाशय में युवती का शव मिलने के मामले में परिजन पुलिस की अब तक की कार्रवाई से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि मामले की जांच जिस दिशा में आगे बढ़नी चाहिए, क्या वास्तव में उस दिशा में पुलिस जांच कर रही है?
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि युवती के पास से मिले दो मोबाइल फोन और घर से दी गई डायरी में दर्ज जानकारी क्या जांच का महत्वपूर्ण आधार नहीं हो सकती? यदि इन दोनों मोबाइलों की कॉल डिटेल, चैट, संपर्क और लोकेशन की जांच की गई है तो उससे क्या तथ्य सामने आए? और यदि जांच नहीं हुई है तो क्यों?
परिजनों की नाराजगी के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या युवती की मौत को लेकर सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है? आखिरी बार युवती किन लोगों के संपर्क में थी, वह जलाशय तक कैसे पहुंची और उसके साथ उस दौरान कौन था—क्या इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं?
आर्थिक स्थिति बन रही है जांच में बाधा?
परिजनों की ओर से यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि कहीं परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण मामले की पैरवी और जांच प्रभावित तो नहीं हो रही? हालांकि इस संबंध में किसी अधिकारी की ओर से ऐसी कोई पुष्टि सामने नहीं आई है।
वहीं इससे भी गंभीर सवाल यह है कि क्या जांच में कोई ऐसा पहलू है जिसे सामने नहीं लाया जा रहा? यदि ऐसा नहीं है तो पुलिस को परिजनों के सामने अब तक की जांच की प्रमुख कार्रवाई और बरामद साक्ष्यों की जांच की स्थिति स्पष्ट क्यों नहीं करनी चाहिए?
परिजनों की मांग—हर एंगल से हो जांच
परिजन चाहते हैं कि दोनों मोबाइल फोन, डायरी, कॉल डिटेल, लोकेशन, और युवती के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ सहित हर संभावित पहलू की जांच की जाए। मौत का वास्तविक कारण सामने आने तक किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
अब सवाल यह है कि पुलिस इन सवालों का जवाब कब देगी और क्या जांच में सामने आए तथ्यों को परिजनों के सामने स्पष्ट किया जाएगा? �




