खबरवाणी
मक्के के खेत में छिपाकर उगा रहे थे गांजा, 1270 पौधे जब्त
54.20 किलो वजनी हरे पौधे मिले, कीमत करीब 2.16 लाख रुपए; पिता-पुत्र गिरफ्तार
भौंरा। शाहपुर पुलिस ने ग्राम सेमरपुरा में मक्के के खेत के बीच छिपाकर उगाए जा रहे गांजे के पौधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1270 पौधे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त पौधों का कुल वजन 54.20 किलोग्राम है, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 16 हजार 800 रुपए बताई गई है। मामले में खेत मालिक बताए जा रहे 72 वर्षीय केशव जावलकर और उसके 33 वर्षीय बेटे नकुल जावलकर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेमरपुरा निवासी नकुल जावलकर के घर के पीछे स्थित बाड़ी में अवैध रूप से गांजे के पौधे लगाए गए हैं। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक नीरज खरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान मक्के की फसल के बीच छोटे-बड़े आकार के गांजे के हरे पौधे पाए गए।
पुलिस ने बताया कि जब्त पौधों की लंबाई करीब 2 से 8 फीट तक थी। मौके की कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और पौधों को गवाहों की मौजूदगी में सीलबंद किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शाहपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 20(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। कार्रवाई एसडीओपी शाहपुर सैफा हासिमी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमरे के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उप निरीक्षक नीरज खरे, एएसआई प्रहलाद सिंह तिलवरिया, प्रधान आरक्षक संतोष सरेयाम, आरक्षक धीरज काले, सलमान शाह और जयकिशन विश्वकर्मा शामिल रहे।




