खबरवाणी
सेफ्टी टैंक में गिरा सांड, जेसीबी की मदद से सुरक्षित निकाला
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। रेस्क्यू कॉलोनी के पीछे डब्ल्यूसीएल क्वार्टर परिसर में बने सेफ्टी टैंक में एक भारी-भरकम सांड गिर गया। काफी देर तक सांड टैंक में फंसा रहा। इसकी जानकारी मिलने पर जॉन पांडे सहित स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
जेसीबी से सेफ्टी टैंक का सीमेंट का बड़ा ढक्कन हटाकर सांड को बाहर निकाला गया। बाहर निकलने के बाद सांड को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गौरतलब है कि सारनी से बगडोना क्षेत्र तक आवारा मवेशियों और सांडों का झुंड अक्सर सड़कों और कॉलोनियों में घूमता नजर आता है। शाम के समय इनके सड़कों पर बैठने से वाहन चालकों को परेशानी के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका को आवारा मवेशियों के लिए सुरक्षित स्थानों पर शेड या कांजी हाउस जैसी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि मवेशियों को सड़कों और कॉलोनियों में भटकने से रोका जा सके।





