खबरवाणी
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रतियोगिताएं आयोजित, 18 स्कूलों के छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
अशोकनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के 18 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजित भाषण प्रतियोगिता में माध्यमिक विद्यालय आमखेड़ा सूखा की सविता कुशवाहा ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं राजपुर के छोटू कुशवाहा द्वितीय और आरपीएस पब्लिक स्कूल की राधिका यादव तृतीय स्थान पर रहीं। चित्रकला प्रतियोगिता में 11वीं के छात्र मोहन शाक्य ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि डोंगर सेमरा की तनिष्का यादव दूसरे और मऊ आलमपुर स्कूल की राही व निशा खरे संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष विभा श्रीवास्तव ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए देश के विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। इस दौरान सरपंच प्रतिनिधि सफीक खान, डॉ. जगदीश यादव और भूरेलाल वकील सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। यह कार्यक्रम प्राचार्य दयाराम मौर्य के मार्गदर्शन और पीएम श्री छीपौन के प्राचार्य मनोज छारी व विद्यालय स्टाफ के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में प्राचार्य ने सभी का आभार व्यक्त किया।





