खबरवाणी
गणेश उत्सव के भंडारों के लिए सरकारी दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग….
अशोकनगर पार्षद महेंद्र भारद्वाज ने खाद्य अधिकारी को सौंपा आवेदन……
अशोकनगर। शहर में गणेशोत्सव पर्व धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जा रहा है। स्थान-स्थान पर भव्य गणेश पांडाल और झांकियां स्थापित की गई हैं, जहां रोजाना पूजा-अर्चना के साथ-साथ विशाल भंडारों और महाप्रसाद का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में, गणेश पांडालों में आयोजित होने वाले भंडारों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए जिला विकास समिति सदस्य एवं वार्ड क्रमांक 21 के पार्षद महेंद्र भारद्वाज ने खाद्य विभाग का ध्यान आकर्षित किया है।पार्षद महेंद्र भारद्वाज ने जिला खाद्य अधिकारी को एक आवेदन पत्र प्रेषित कर मांग की है कि शहर में स्थापित सभी गणेश पांडालों और झांकियों में आयोजित होने वाले भंडारों के लिए रियायती यानी सरकारी दर पर एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।
खाद्य अधिकारी को लिखे पत्र में पार्षद श्री भारद्वाज ने उल्लेख किया है कि शहर भर में जगह-जगह गणेश जी की प्रतिमाएं बड़ी श्रद्धा और भक्ति भाव से स्थापित की गई हैं। इन पांडालों में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और आयोजन समितियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारों (प्रसाद वितरण) का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान में गैस सिलेंडरों के बढ़ते दामों और वाणिज्यिक उपयोग के कारण आयोजन समितियों पर आर्थिक बोझ पड़ता है। ऐसे में यदि प्रशासन की ओर से सरकारी दर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाते हैं, तो सार्वजनिक गणेशोत्सव समितियों को बड़ी राहत मिलेगी और भंडारों का आयोजन बिना किसी अड़चन के संपन्न हो सकेगा।
नेहरू डिग्री कॉलेज के जनभागीदारी अध्यक्ष तथा पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष रह चुके महेंद्र भारद्वाज ने खाद्य अधिकारी से आग्रह किया है कि वे इस जनहित और धार्मिक आस्था से जुड़े विषय पर त्वरित संज्ञान लें और संबंधित एजेंसियों को उचित दिशा-निर्देश जारी करें। आवेदन सौंपते हुए पार्षद ने उम्मीद जताई कि प्रशासन गणेशोत्सव समितियों की इस व्यावहारिक समस्या का समाधान शीघ्र करेगा, जिससे शहर में आयोजित हो रहे भंडारों और धार्मिक कार्यक्रमों में किसी प्रकार की असुविधा न हो वहीं इस संबंध में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अधिकारी प्राची शर्मा ने बताया कि जिस तरह शादी समारोहों में आवेदन के जरिए कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए थे उसी तरह जिसको भी जरूरतह वह आवेदन देकर जो निर्धारित रेट है उनमें गैस के कमर्शियल सिलेंडर ले सकते हैं।





