Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

अर्चना चिटनिस के प्रयासों से जिला अस्पताल में 2 डी इको मशीन की सुविधा, एसएनसीयू में नवजात एवं बच्चों के हृदय की जांच होगी आसान, समय पर उपचार की दिशा तय करने में मिलेगी मदद

By
On:

खबरवाणी

अर्चना चिटनिस के प्रयासों से जिला अस्पताल में 2 डी इको मशीन की सुविधा, एसएनसीयू में नवजात एवं बच्चों के हृदय की जांच होगी आसान, समय पर उपचार की दिशा तय करने में मिलेगी मदद

बुरहानपुर। नवजात एवं बाल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के प्रयासों से शासकीय जिला चिकित्सालय की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू) में आधुनिक 2 डी इको मशीन उपलब्ध हुई है। इससे जन्मजात हृदय रोग अथवा हृदय संबंधी समस्या की आशंका वाले नवजात शिशुओं एवं बच्चों की हृदय जांच अब जिला चिकित्सालय में ही करने में सुविधा मिलेगी।

श्रीमती अर्चना चिटनिस द्वारा बुरहानपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और जिला चिकित्सालय को आवश्यक चिकित्सा संसाधनों से सुसज्जित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नवजात एवं बच्चों के लिए हृदय जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल तथा स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर आवश्यक पहल की गई, जिसके परिणामस्वरूप जिला चिकित्सालय को यह महत्वपूर्ण सुविधा प्राप्त हुई है।

गंभीर नवजातों के उपचार में मिलेगी बड़ी मदद

एसएनसीयू में भर्ती गंभीर नवजात शिशुओं में जन्मजात हृदय रोग अथवा हृदय की संरचना एवं कार्यप्रणाली से जुड़ी समस्या की आशंका रहती है। ऐसे मामलों में समय पर जांच उपचार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण होती है। 2 डी इको मशीन से चिकित्सकों को हृदय की संरचना एवं कार्यप्रणाली की जांच में सुविधा मिलेगी तथा संदिग्ध मामलों की प्रारंभिक पहचान कर आगे की उपचार योजना बनाने में मदद मिलेगी।

इस सुविधा से कई मामलों में प्रारंभिक हृदय जांच के लिए नवजात एवं बच्चों को इंदौर अथवा जलगांव जैसे बड़े शहरों में ले जाने की आवश्यकता कम हो सकती है। इससे परिजनों का समय और संसाधन बचेंगे तथा स्थानीय स्तर पर उपचार प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सुविधा होगी। आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ जांच एवं उच्च स्तरीय उपचार के लिए मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार संबंधित चिकित्सा संस्थान में भेजा जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना प्राथमिकता

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। जिला चिकित्सालय में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता बढ़ने से नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। विशेष रूप से नवजात एवं बच्चों के उपचार से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एसएनसीयू में 2 डी इको मशीन की सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर नवजातों में हृदय संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार की उचित दिशा निर्धारित करने में चिकित्सकों को मदद मिलेगी। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

श्रीमती चिटनिस ने कहा कि जिला चिकित्सालय को अधिक सक्षम, आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए आवश्यक प्रयास निरंतर जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से बाहर न जाना पड़े।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News