खबरवाणी
बुरहानपुर के विकास कार्यों को समयबद्ध गति देने अर्चना चिटनिस ने ली समीक्षा बैठक
बुरहानपुर। शहर में चल रहे विकास कार्यों को गति देने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने नगर निगम कार्यालय में विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव सहित नगर निगम अधिकारियों के साथ लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निगम, विद्युत विभाग एवं पंचायत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं भोपाल एवं इंदौर में पदस्थ संबंधित उच्चाधिकारियों को भी बैठक से वर्चुअली जोड़ा गया, जिससे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की सीधे समीक्षा करते हुए आवश्यक समन्वय एवं कार्यवाही को गति दी जा सके।
बैठक में शहर से जुड़े 12 महत्वपूर्ण विकास एवं जनसुविधा के बिंदुओं पर बिंदुवार चर्चा की गई। श्रीमती अर्चना चिटनिस ने प्रत्येक कार्य की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्ययोजना और कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर के विकास कार्यों में गति, गुणवत्ता और समयबद्धता महत्वपूर्ण है। जिन कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्यों को गति दें, ताकि नागरिकों को विकास कार्यों का लाभ जल्द से जल्द मिल सके।
बैठक में श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री नगरीय अधोसंरचना योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने तथा जहां कहीं भी तकनीकी अथवा विभागीय स्तर पर समस्या हो, उसका आपसी समन्वय से समाधान करते हुए कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
अमृत-2.0 सीवर योजना के कार्यों में गति लाने के निर्देश
शहर में अमृत-2.0 सीवर योजना के अंतर्गत चल रहे सीवर लाइन बिछाने के कार्य की विस्तार से समीक्षा की। श्रीमती चिटनिस ने कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों में गति लाने तथा निर्माण कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन बिछाने के दौरान नागरिकों को होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखा जाए तथा कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित सड़कों की व्यवस्थित रूप से पुनर्बहाली सुनिश्चित की जाए। वही मरीचिका उद्यान के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की। उद्यान में प्रस्तावित कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर इसे नागरिकों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक एवं मनोरंजन स्थल मिल सके। शहर की जल योजना के अंतर्गत शेष बचे कार्यों की भी समीक्षा की गई। नागरिकों को नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लंबित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने तथा आवश्यक तकनीकी कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विशेष स्वच्छता अभियान
सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष स्वच्छता अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। प्रत्येक वार्ड में विशेष सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि स्वच्छता केवल विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से चलने वाला अभियान है। इसमें सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जाए। स्वच्छ भारत मिशन-2.0 के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की गई। शहर में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा योजनाओं का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में संयुक्त स्वच्छता अभियान
बैठक में शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी समन्वित स्वच्छता अभियान चलाने पर चर्चा हुई। शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों एवं पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियों को अभियान से जोड़कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बैठक में शहर की महत्वपूर्ण सड़कों से जुड़े कार्यों की भी अलग-अलग समीक्षा की। शनवारा से लालबाग सड़क के निर्माण में आ रही अड़चनों को लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम के समन्वय से दूर कर कार्य को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सिंधीबस्ती चौराहे से टेक्समो होते हुए लोनी तक सड़क के कार्य की स्थिति की जानकारी ली गई। शनवारा चौराहे से गणपति थाना सड़क के निर्माण कार्य की भी समीक्षा करते हुए कार्य को गति देने के निर्देश दिए गए।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों से जुड़े कार्यों में विभागीय समन्वय बेहतर रखते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा किया जाए। जहां अनुमति, तकनीकी स्वीकृति, बिजली लाइन अथवा अन्य किसी कारण से कार्य प्रभावित हो रहा है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय से उसका समाधान करें।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने शहर के बंद पड़े तरणताल (स्विमिंग पूल) को पुनः प्रारंभ करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। नागरिकों, विशेषकर बच्चों और युवाओं के लिए उपयोगी इस सुविधा को दोबारा शुरू करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रियाओं को गति देने के निर्देश दिए। वहीं शहर की बेहतर रोशनी व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट से संबंधित केबल डालने के कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई। श्रीमती चिटनिस ने कार्य को जल्द पूर्ण करने तथा शहर के प्रमुख मार्गों एवं आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शहर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रस्तावित नए अग्निशमन केंद्र (फायर स्टेशन) के निर्माण से संबंधित प्रगति की जानकारी भी ली गई। श्रीमती चिटनिस ने आवश्यक प्रक्रिया को गति देने और अग्निशमन जैसी महत्वपूर्ण नागरिक सुविधा को मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब स्वीकृत योजनाएं समय पर धरातल पर दिखाई दें और उनका सीधा लाभ नागरिकों को मिले। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, लंबित प्रक्रियाओं का शीघ्र निराकरण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर के विकास को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक कार्य को गति और गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ाया जाए। सड़क, नाली, सीवर, जल, प्रकाश, स्वच्छता, उद्यान और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा कर जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
दिनांक:- 19 सितंबर 2026





