Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

गणेश चतुर्थी पर घर-घर गूंजा गणपति बप्पा का जयघोष

By
On:

खबरवाणी

गणेश चतुर्थी पर घर-घर गूंजा गणपति बप्पा का जयघोष

हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी एक साथ होने से महिलाओं में भी दिखा उत्साह, सुबह से प्रतिमाएं ले जाते नजर आए श्रद्धालु

भौंरा। नगर में सोमवार को गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही गणेश भक्त अपनी पसंद की भगवान गणेश की प्रतिमाएं घर ले जाते नजर आए। नगर में जगह-जगह गणेश प्रतिमाओं की दुकानें सजी थीं, जहां श्रद्धालुओं ने अपनी पसंद के अनुसार प्रतिमाओं का चयन कर विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव से अपने घरों में गणपति की स्थापना की।
गणेश चतुर्थी को लेकर सुबह से ही नगर में चहल-पहल रही। विभिन्न आकार और स्वरूपों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं बिक्री के लिए उपलब्ध थीं। श्रद्धालु परिवार के साथ प्रतिमा लेने पहुंचे और पूजा-अर्चना के साथ गणपति बप्पा को अपने घर लेकर गए। घरों में गणेश प्रतिमा की स्थापना के बाद विशेष पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की गई।
इस बार गणेश चतुर्थी के साथ ही हरतालिका तीज का पर्व भी होने से धार्मिक वातावरण और अधिक उत्साहपूर्ण नजर आया। महिलाओं ने हरतालिका तीज का व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की, वहीं गणेश चतुर्थी के अवसर पर घरों में भगवान गणेश की स्थापना भी की गई। एक ही दिन दोनों पर्व होने से नगर में सुबह से ही धार्मिक गतिविधियां देखने को मिलीं।

सार्वजनिक पंडालों की संख्या में आई कमी

समय के साथ गणेश उत्सव मनाने के तौर-तरीकों में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। कुछ वर्षों पहले की तुलना में नगर में सार्वजनिक रूप से बड़े गणेश पंडाल स्थापित करने की परंपरा में कमी आई है। अब बड़ी संख्या में परिवार अपने घरों में ही भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर उत्सव मना रहे हैं। इसके बावजूद गणेश चतुर्थी को लेकर श्रद्धालुओं में आस्था और उत्साह बरकरार है।
नगर में गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए लगी दुकानों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। लोगों ने अपनी पसंदीदा प्रतिमाएं खरीदीं और ढोल-नगाड़ों व गणपति बप्पा के जयकारों के साथ उन्हें घर ले जाकर स्थापित किया। गणेश चतुर्थी के साथ नगर का माहौल दिनभर भक्तिमय बना रहा।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News