खबरवाणी
शिक्षकों ने टीईटी परीक्षा से मुक्ति हेतु भोलेनाथ के चरणों में लगाई अर्जी, पुरानी पेंशन सहित कई मांगों को लेकर किया संकीर्तन
नरसिंहपुर:पीएमयूएम शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर रविवार को नरसिंहपुर स्थित अरमान नगर कॉलोनी के श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में शिक्षकों ने एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया। शिक्षकों ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन और संकीर्तन कर अपनी लंबित मांगों के निराकरण के लिए शिवजी के चरणों में अर्जी समर्पित की।
इस दौरान शिक्षकों ने प्रमुख रूप से शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता से मुक्ति दिलाने, प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता की गणना करने, पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करने तथा केंद्रीय वेतनमान का लाभ दिए जाने की मांग रखी। शिक्षकों का कहना है कि वे वर्षों से निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे में उन पर टीईटी की बाध्यता थोपना अनुचित है। न्याय की गुहार लगाने के लिए उन्होंने भोलेनाथ के दरबार में शीश नवाया।
विदिशा से भी पहुंचे शिक्षक साथी
कार्यक्रम में नरसिंहपुर के साथ-साथ विदिशा जिले से आए शिक्षक साथियों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर कर्मचारी कल्याण कोष पीएमयूएम संघ के जिला प्रभारी हरगोविंद लोधी, शरद कुमार पांडे, हरिओम दुबे, मयंक पटेल, रामलाल मेहरा, नारायण प्रसाद सेन, विनोद पटेल, निरंजन पटेल, हरि नारायण मिश्रा, संतोष कुमार मेहरा एवं सविता ठाकुर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर शासन से शिक्षकों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।





