खबरवाणी
धूल और कचरे से राहत दिलाने नगर पालिका की नई पहल……
आधुनिक ऑटो स्वीपिंग मशीन से होगी सड़क सफाई, साथ ही पानी का छिड़काव…….
अशोकनगर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और धूलमुक्त बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद अशोकनगर ने एक और महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। नगर पालिका द्वारा आधुनिक ऑटो स्वीपिंग मशीन का उपयोग शुरू किया गया है। यह मशीन सड़कों पर जमा धूल, कचरे और गंदगी को साफ करने के साथ-साथ पानी का छिड़काव भी करेगी। नगर पालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से बेहतर बनाने के उद्देश्य से इस मशीन को उपयोग में लाया गया है। मशीन सड़क पर चलते हुए धूल, मिट्टी और किनारों पर जमा छोटे-छोटे कचरे को एकत्र कर सड़क को साफ करेगी।
इस मशीन की खासियत यह है कि सफाई के दौरान इसके माध्यम से पानी का छिड़काव भी किया जाएगा, जिससे सड़क पर जमा धूल उड़ने की समस्या काफी हद तक कम होगी। इससे सफाई के दौरान धूल का गुबार नहीं उठेगा और वाहन चालकों, राहगीरों एवं आसपास के रहवासियों को भी राहत मिलेगी। नगर पालिका द्वारा आने वाले दिनों में शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त सड़कों और अधिक धूल वाले क्षेत्रों में इस आधुनिक मशीन का नियमित उपयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ शहरवासियों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर वरिष्ठ पार्षद महेंद्र भारद्वाज, गोपाल ओझा, जयप्रकाश अग्रवाल, राकेश शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनोद उन्नीतान, बाबा शिवहरे, निक्की दुआ, शिव शर्मा सहित नागरिक गण उपस्थित रहें। नगर पालिका की इस नई पहल से शहर की सड़कों की सफाई व्यवस्था में सुधार के साथ धूल की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
***********************************
संत कमल किशोर जी नगर महाराज को मिली धमकी,गौभक्तों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
अशोकनगर। मालवा क्षेत्र के सुप्रसिद्ध संत श्री पं. कमल किशोर जी नगर महाराज को मिले एक धमकी भरे पत्र के विरोध में ‘संत श्री नगर जी गौभक्त मंडल अशोकनगर’ ने आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक के माध्यम से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा है।
, बीते 4 सितंबर को झाबुआ जिले के भूरा डाबरा स्थित शबरी गौशाला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव पर आयोजित एक सांस्कृतिक एवं सत्संग कार्यक्रम के दौरान संत श्री नगर जी महाराज को श्रद्धालुओं द्वारा भेंट की गई सामग्री और श्रीफल के बीच यह धमकी भरा पत्र मिला था। ज्ञापन में बताया गया है कि पत्र की भाषा और विषयवस्तु अत्यंत गंभीर तथा सुरक्षा की दृष्टि से चिंताजनक है।
गौभक्त मंडल ने इस घटना को सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था पर आघात बताते हुए मांग की है कि मामले की तत्काल निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाए, इसमें संलिप्त आरोपियों को अतिशीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा संत श्री कमल किशोर जी नगर महाराज की सुरक्षा व्यवस्था और आयोजनों की सुरक्षा को कड़ा किया जाए।





