खबरवाणी
शिव भक्तों की मेहनत लाई रंग, चेहरों पर आई मुस्कान
प्रभात पट्टन तहसील के पाबल पंचायत अंतर्गत झिरी शिव धाम मंदिर पहुंच मार्ग पर पानी निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पानी निकासी के लिए कांक्रीट पाइप के रपटों हेतु स्वीकृत राशि के बाद आज पाइप मौके पर पहुंच गए हैं। जल्द ही रपटों का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इस पहल से बारिश के दौरान मंदिर पहुंच मार्ग पर होने वाले जलभराव से श्रद्धालुओं एवं शिव भक्तों को राहत मिलने की संभावना है।
इस कार्य के लिए शिव भक्तों ने पाबल पंचायत के सरपंच नरेश पंडोले जी एवं प्रभात पट्टन जनपद पंचायत की वर्तमान मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) आंचल पवार जी का आभार व्यक्त किया है।
क्षेत्रीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख जी का भी आभार, जिन्होंने झिरी शिव धाम मंदिर पहुंच मार्ग की मरम्मत के लिए ₹2 लाख की राशि स्वीकृत की थी।
हालांकि, शिव भक्तों का कहना है कि स्वीकृत राशि से होने वाले सड़क मरम्मत कार्य की गति धीमी है। सावन माह में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों को हो रही परेशानी को देखते हुए किसी ग्रामीण के द्वारा सड़क पर मुरम डाला गया था। इसके बाद सड़क के दोनों ओर नाली खोदी गई। नाली से निकले मुरम की गुणवत्ता और मात्रा को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं।
शिव भक्तों का कहना है कि ₹2 लाख की स्वीकृत राशि से वास्तव में कितना कार्य हुआ और कितनी राशि खर्च हुई, यह स्पष्ट होना चाहिए। यदि कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता या राशि के दुरुपयोग की आशंका सामने आती है, तो शिव भक्तों द्वारा RTI आवेदन के माध्यम से कार्य की स्वीकृति, खर्च और पूर्ण हिसाब-किताब की जानकारी मांगी जाएगी।
झिरी शिव धाम मंदिर पहुंच मार्ग को लेकर शिव भक्तों द्वारा पहले भी स्थायी सड़क निर्माण की मांग को लेकर तहसील कार्यालय में मुख्यमंत्री जी के नाम ज्ञापन सौंपे गए हैं तथा क्षेत्रीय विधायक जी को भी समस्या से अवगत कराया गया है।
शिव भक्तों की मांग स्पष्ट है—अस्थायी मरम्मत नहीं, झिरी शिव धाम मंदिर तक स्थायी एवं मजबूत सड़क का निर्माण हो।





