Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

WCL बिजली कनेक्शन निकालने की तैयारी, निजी कामगार परेशान

By
On:

खबरवाणी

WCL बिजली कनेक्शन निकालने की तैयारी, निजी कामगार परेशान

कामगारों के लिए बिछाई जा रही आर्मर्ड केबल, सैकड़ों परिवारों पर अंधेरे का खतरा

खबरवाणी न्यूज़ रफीक

सारनी। शोभापुर कॉलोनी के वार्ड क्रमांक 31 और 32 के बीच वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) द्वारा आर्मर्ड केबल की नई बिजली लाइन बिछाने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस लाइन से पाथाखेड़ा क्षेत्र की कोयला खदानों में कार्यरत WCL कामगारों को बिजली कनेक्शन दिया जाएगा। वहीं, आसपास रह रहे गैर-कामगार परिवारों, झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों और दुकानदारों के मौजूदा बिजली कनेक्शन प्रभावित होने की आशंका से लोगों में चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में नगर पालिका द्वारा बिजली वितरण विभाग के माध्यम से बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र में बिजली के खंभे, तार और ट्रांसफार्मर लगाए गए थे। इनसे कुछ क्षेत्रों में कामगारों सहित अन्य लोगों को बिजली मिल रही है। वार्ड क्रमांक 31 में भी बिजली के खंभे, तार और ट्रांसफार्मर कई वर्षों से लगे हुए हैं, लेकिन कुछ हिस्सों में बिजली व्यवस्था अब तक शुरू नहीं हो सकी है।
लोगों के अनुसार, इन क्षेत्रों में बिजली पहुंचाने के लिए तीन से चार अतिरिक्त खंभों की आवश्यकता है। यदि यह व्यवस्था जल्द पूरी नहीं हुई और WCL ने वर्तमान कनेक्शन हटा दिए, तो क्षेत्र में रहने वाले सैकड़ों गैर-कामगार परिवारों को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। इसी आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
इधर WCL द्वारा आर्मर्ड केबल बिछाकर बिजली के खंभों से कनेक्शन जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बर्दे से चर्चा की। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि जिन वार्डों में अभी बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शेष है, उसकी फाइल बैतूल भेजी गई है। फाइल वापस आने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर शेष खंभे लगाए जाएंगे और बिजली व्यवस्था शुरू की जाएगी। इसमें करीब एक से दो माह का समय लग सकता है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने फिलहाल पाथाखेड़ा के महाप्रबंधक से मांग की है कि जब तक नगर पालिका द्वारा क्षेत्र में वैकल्पिक बिजली व्यवस्था उपलब्ध नहीं करा दी जाती, तब तक मौजूदा बिजली कनेक्शन नहीं काटे जाएं, ताकि स्थानीय परिवारों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News