Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

पानी सप्लाई बाधित कर जनता पर दबाव बना रही नपा, आम आदमी पार्टी ने दी आंदोलन की चेतावनी

By
On:

खबरवाणी

पानी सप्लाई बाधित कर जनता पर दबाव बना रही नपा, आम आदमी पार्टी ने दी आंदोलन की चेतावनी

खबरवाणी न्यूज़ रफीक

सारनी। नगर के विभिन्न वार्डों में पानी सप्लाई बाधित किए जाने को लेकर आम आदमी पार्टी ने नगर पालिका की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी ने इसे जनता पर राजस्व वसूली का दबाव बनाने की रणनीति बताते हुए जन आंदोलन की चेतावनी दी है।

 

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष (नर्मदापुरम जोन प्रभारी) अजय सोनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा से जनता को वंचित करना दुर्भावनापूर्ण कार्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से 2025 तक केंद्र की 102 करोड़ रुपये की जल आवर्धन योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार के दौरान यह कहा गया था कि नल कनेक्शन के लिए कोई राशि नहीं ली जाएगी, लेकिन अब जब घरों में कनेक्शन हो चुके हैं और अन्य जल स्रोत बंद हो गए हैं, तब नगर पालिका द्वारा शुल्क वसूला जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा एवं निर्दलीय नगर पालिका अध्यक्षों के कार्यकाल में बैठक कर जनता को गुमराह किया गया और अंत्योदय, बीपीएल व एपीएल सभी वर्गों के लिए एक समान शुल्क निर्धारित कर दिया गया। पहले नल कनेक्शन शुल्क 4000 रुपये रखा गया, जिसे जन विरोध के बाद 2300 रुपये किया गया। इसमें भी 1000 रुपये अमानत राशि और 700 रुपये सीसीबीटी सड़क मद के नाम पर वसूले जा रहे हैं।

 

अजय सोनी ने सवाल उठाया कि जब योजना में कुल 600 रुपये की राशि निर्धारित है, तो अतिरिक्त शुल्क क्यों लिया जा रहा है और 150 रुपये प्रतिमाह का भार गरीब परिवार कैसे वहन करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका ने शुल्क में संशोधन नहीं किया और पानी सप्लाई बाधित कर जनता पर दबाव बनाया, तो आम आदमी पार्टी व्यापक जन आंदोलन करेगी।

 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जल आवर्धन योजना में करोड़ों रुपये की अनियमितता हुई है, जिसकी जांच की मांग को लेकर पार्टी जल्द ही सड़कों पर उतरेगी। पार्टी ने स्पष्ट किया कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के साथ किसी भी प्रकार की प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News