Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

जल आवर्धन योजना शुल्क को लेकर बढ़ा विरोध, आप करेगी जन आंदोलन, कांग्रेस ने मांगा 90 दिन का समय

By
On:

खबरवाणी

जल आवर्धन योजना शुल्क को लेकर बढ़ा विरोध, आप करेगी जन आंदोलन, कांग्रेस ने मांगा 90 दिन का समय

 

खबरवाणी न्यूज़ रफीक

 

सारनी। नगर में जल आवर्धन योजना के तहत लिए जा रहे नल कनेक्शन शुल्क एवं मासिक जल कर को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने इस मुद्दे पर हजारों नागरिकों के साथ जन आंदोलन करने की घोषणा की है, वहीं कांग्रेस ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 90 दिन का समय देने की मांग की है।

आम आदमी पार्टी के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रमेश भूमरकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि नवंबर, दिसंबर और जनवरी माह में पार्टी द्वारा विभिन्न वार्डों में जाकर नागरिकों से नल कनेक्शन शुल्क के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था। इस संबंध में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजय सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों ने 20 फरवरी को बैतूल पहुंचकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा था। तत्कालीन अपर कलेक्टर वंदना जाट द्वारा संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नल कनेक्शन को पहले मुफ्त बताया गया था, लेकिन अब नागरिकों से जबरन शुल्क वसूला जा रहा है, जो गरीब परिवारों के साथ अन्याय है। पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भोपाल तक शिकायत पहुंचाई है और जल्द ही नगर पालिका परिषद सारनी का घेराव कर बड़े स्तर पर जन आंदोलन करने की तैयारी की जा रही है।

दूसरी ओर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बटेश्वर भारती के नेतृत्व में कांग्रेस ने नगर पालिका में ज्ञापन सौंपकर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की है। कांग्रेस ने कहा कि शुल्क जमा करने के लिए नागरिकों को कम से कम 90 दिन का समय दिया जाए, साथ ही इस अवधि में जिन उपभोक्ताओं द्वारा शुल्क जमा नहीं किया गया है, उनके कनेक्शन नहीं काटे जाएं। इसके अलावा, भुगतान किश्तों में लेने की सुविधा भी प्रदान की जाए।

गौरतलब है कि कांग्रेस द्वारा पूर्व में इसी मुद्दे को लेकर नगर पालिका के सामने 10 दिनों तक भूख हड़ताल भी की गई थी। अब दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग स्तर पर विरोध और मांगें उठाई जा रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में यह मुद्दा और गरमाने के आसार हैं।

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News