खबरवाणी
कारगिल विजय दिवस पर वीर सैनिकों को किया नमन
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर पूर्व सैनिक संघ, सारनी द्वारा देश की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले कारगिल के अमर शहीदों की स्मृति में गरिमामय एवं प्रेरणादायी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों ने सहभागिता कर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ में भारत माता एवं कारगिल के शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात मुख्य अभियंता लिल्लोरे ने अपने ओजपूर्ण स्वर में देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावविभोर कर दिया, जिससे उपस्थित जनसमूह राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा।
नगरपालिका अध्यक्ष बरदे ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कमलेश सिंह, सुधाचंद्रा एवं सुरक्षा अधिकारी शरद राघव ने भी सैनिकों के साहस, शौर्य और अनुशासन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में संगीत संध्या ग्रुप बगडोना द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने समां बांध दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा हेतु संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष मुन्नालाल कापसे ने सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन रंजीत डोंगरे ने किया, कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों के साथ हुआ।
इधर, वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सरदार विष्णु सिंह उइके शासकीय महाविद्यालय बगडोना में वृक्षारोपण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। प्राचार्य प्रदीप पंद्राम ने कारगिल युद्ध की वीरगाथा का उल्लेख करते हुए बताया कि दुर्गम पहाड़ियों पर भारतीय सेना ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए विजय प्राप्त की, जिसमें 527 सैनिक वीरगति को प्राप्त हुए और 1300 से अधिक जवान घायल हुए।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने वीर शहीदों के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।





