खबरवाणी
नवनिर्माण संस्था ने 11 जरूरतमंद बच्चों को दी शैक्षणिक सामग्री,
शिक्षा के प्रति जगाई उम्मीद
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। शिक्षा ही समाज का नवनिर्माण करती है इस संकल्प के साथ नवनिर्माण बहुउद्देशीय संस्था पाथाखेड़ा ने एक सराहनीय पहल करते हुए मानवता और सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की। संस्था की अध्यक्षा श्रीमती मुमताज शेख के मार्गदर्शन में संस्था के सदस्यों ने वेकोली द्वारा संचालित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुराना बाजार पाथाखेड़ा पहुंचकर बेबस अहसास परिवार के 11 जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क पुस्तकें, नोटबुक कवर और पेन वितरित किए।
इस अवसर पर कक्षा 8 के 5 एवं कक्षा 10 के 6 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की मुस्कान लौट आई। संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उनका मनोबल बढ़ाना है।
कार्यक्रम में छतरपुर खान क्रमांक-01 के सहायक सर्वेक्षण अधिकारी श्री देवनाथ प्रजापति ने विशेष भूमिका निभाई। उनके साथ सर्वे विभाग के श्री गणराज गुलबासे, संदीप साकेत, दीवान खान, महिपाल सिंह, प्रशांत सहित पूरी टीम एवं श्री रामकुमार परिहार तथा सरकार मेडिकल शोभापुर का भी सराहनीय सहयोग रहा।
इस दौरान वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। यह अज्ञानता के अंधकार को दूर कर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाती है और जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करती है।
संस्था की अध्यक्षा श्रीमती मुमताज शेख ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “पुस्तकें केवल परीक्षा पास करने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में आदर्श बनने की प्रेरणा देती हैं।” उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर का उदाहरण देते हुए बच्चों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा, “चांद सबको नहीं मिलता, लेकिन हम दिए बनकर किसी के जीवन में रोशनी जरूर ला सकते हैं।”
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री बोरसे, प्राचार्य कापसे, शिक्षक शैलेश ठाकुर, फैयाज़ अंसारी, नगदे एवं शिक्षिकाएं स्वाति, रिंकी वाईकर सहित समस्त स्टाफ ने संस्था का आभार व्यक्त किया।
नवनिर्माण बहुउद्देशीय संस्था ने संकल्प लिया है कि इस प्रकार के सामाजिक कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जरूरतमंद बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिल सके।





