खबरवाणी
वायगांव में मोक्षधाम एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए ग्रामीण लामबंद,देंगे ज्ञापन
मुलताई। प्रभात पट्टन ब्लॉक के ग्राम वायगांव में मोक्षधाम एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए ग्रामीणों ने बैठक लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने सहित गांव के विकास के लिए आगे आकर लड़ाई लड़ने की योजना बनाई है।ग्रामीण दुर्गेश भोयरे ने बताया गांव के युवा मनीष देशमुख, सुरेश झपाटे,आशीष धोटे,शिव साहु, राजू दरवाई, कमलेश पवांर,राहुल ठाकरे, शुभम घोडकी,दीपक उकंडे सहित दर्जनों युवाओं का कहना है कि हर इंसान को जीवन के अंतिम सफर में इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में मोक्षधाम मार्ग की दुर्दशा को दुरुस्त किया जाना बेहद आवश्यक और संवेदनशील मामला है। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्रयास करने का संकल्प लिया है।योजना के तहत ग्रामीण जल्द ही ग्राम पंचायत स्तर पर अपनी मांग रखेंगे तथा जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली जनसुनवाई में कलेक्टर को भी एक औपचारिक आवेदन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं बल्कि पूरे समाज से जुड़ा संवेदनशील मामला है। ग्रामीण अपने-अपने स्तर पर इस समस्या को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों तक मजबूती से पहुंचाने का प्रयास करेंगे,जिससे जल्द से जल्द नए मोक्षधाम और पहुंच मार्ग का निर्माण हो सके।





