खबरवाणी
‘जय माता दी‘‘ के जयघोष के बीच वैष्णो देवी धाम के लिए रवाना हुआ 191 श्रद्धालुओं का जत्था, विधायक अर्चना चिटनिस ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर दी भावभीनी विदाई
बुरहानपुर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजनांतर्गत बुरहानपुर जिले से 191 पात्र वरिष्ठ नागरिकों का जत्था शुक्रवार को माता वैष्णो देवी धाम की पावन यात्रा के लिए रवाना हुआ। बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी), महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत कर उन्हें शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी तथा स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
रेलवे स्टेशन पर श्रद्धा और उत्साह का अनुपम वातावरण देखने को मिला। ‘‘जय माता दी‘‘ के जयघोष के बीच रवाना हो रहे श्रद्धालुओं के चेहरों पर माता वैष्णो देवी के दर्शन की खुशी साफ झलक रही थी। श्रीमती चिटनिस ने सभी यात्रियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी कुशलक्षेम पूछी और माता रानी से सभी की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की प्रार्थना की।
इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रदेश सरकार की अत्यंत संवेदनशील और जनकल्याणकारी पहल है, जिसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों की वर्षों पुरानी धार्मिक आस्था और तीर्थ दर्शन की अभिलाषा साकार हो रही है। यह योजना केवल तीर्थ यात्रा का अवसर नहीं, बल्कि बुजुर्गों के सम्मान और उनकी भावनाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान सर्वोपरि है। उनकी आस्था का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार इसी भावना के साथ वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थ दर्शन की सुविधा उपलब्ध करा रही है। उन्होंने माता वैष्णो देवी से सभी श्रद्धालुओं के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत यह यात्रा 3 जुलाई से 8 जुलाई, 2026 तक आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भोजन, आवास एवं चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई हैं, जिससे सभी यात्री सुरक्षित एवं सुगम रूप से अपनी यात्रा पूर्ण कर सकें।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाओं के साथ विदाई देते हुए उनके सकुशल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, आशीष शुक्ला, कीमत मतवानी, रूद्रेश्वर एंडोले एवं करण चौकसे सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिकों के साथ अधिकारी व श्रद्धालुगण उपस्थित थे।




