खबरवाणी
सेफ क्लिक अभियान: जावरा स्कूल में विद्यार्थियों को किया साइबर अपराधों से सतर्क
बैतूल/साईंखेड़ा। थाना साईंखेड़ा पुलिस द्वारा गुरुवार को ग्राम जावरा में “सेफ क्लिक” साइबर जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।
अभियान के तहत शासकीय माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जावरा में थाना प्रभारी बी.एल. उइके, प्रधान आरक्षक बलवीर मर्सकोले तथा प्रधान आरक्षक रामानंद धुर्वे ने लगभग 80 छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को फर्जी कॉल, ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा डिजिटल भुगतान के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है, इसलिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।





