खबरवाणी
रेलवे क्रॉसिंग के ऊंचे ब्रेकर बने परेशानी का कारण,
गाड़ियों के नीचे लग रही टक्कर
खबरवाणी- रफीक
सारनी। क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग पर हाल ही में बनाए गए ऊंचे ब्रेकर वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। ब्रेकर की ऊंचाई अधिक होने के कारण कई कारों के नीचे का हिस्सा, इंजन और साइलेंसर टकराने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
शोभापुर स्टाफ से कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर बनाया गया ब्रेकर वाहन चालकों के लिए विशेष रूप से परेशानी का कारण बना हुआ है। वाहन चालक ब्रेकर पार करते समय कार को तिरछा करके निकालने को मजबूर हैं। इसके बावजूद कार के नीचे से तेज आवाज आने के साथ कई वाहनों के निचले हिस्से को नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है।
इसी तरह कालीमाई क्षेत्र और पाथाखेड़ा में बनाए गए ब्रेकरों की ऊंचाई को लेकर भी वाहन चालकों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रेकर बनाते समय वाहनों की आवाजाही और निर्धारित मानकों का ध्यान रखा जाना चाहिए था।
लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि इन ब्रेकरों की ऊंचाई और बनावट की जांच कर आवश्यक सुधार कराया जाए, ताकि वाहन चालकों को परेशानी के साथ वाहनों को होने वाले नुकसान से भी बचाया जा सके।





