खबरवाणी
पुरानी रंजिश को लेकर, मिर्ची पाउडर डालकर तलवार-गुप्ती से किया हमला
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। गुरुवार रात करीब 9 बजे बस स्टैंड के पीछे स्थित मैदान में 27 वर्षीय विशाल पवार (पिता गुड्डू पवार), निवासी बस स्टैंड क्षेत्र, पर कुछ हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले मिर्ची पाउडर फेंककर उसे असहाय बनाया, जिसके बाद तलवार और गुप्ती से ताबड़तोड़ वार किए।
घटना के दौरान विशाल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन और प्रत्यक्षदर्शी उसे तत्काल पाथाखेड़ा चौकी लेकर पहुंचे। चौकी प्रभारी मनोज उइके एवं पुलिस स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए घायल को घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक हमले में विशाल के सिर के पिछले हिस्से, कान के पीछे, गर्दन, हाथ, घुटनों और चेहरे पर गहरे घाव आए हैं, जो हमले की क्रूरता को दर्शाते हैं। हमले का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रहा है ।
पुलिस के अनुसार इस मामले में 4 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस टीम लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और अन्य संदिग्धों की भी तलाश जारी है।





