Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

नंदियाघाट मंदिर एवं बाजार परिसर में ग्राम पंचायत डेहरी आमढ़ाना एवं नवांकुर संस्था द्वारा व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित

By
On:

खबरवाणी

नंदियाघाट मंदिर एवं बाजार परिसर में ग्राम पंचायत डेहरी आमढ़ाना एवं नवांकुर संस्था द्वारा व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित

रिपोर्टर- हरेन्द्र सिंह शास्त्री

डेहरी आमढ़ाना, जिला बैतूल।
मध्य प्रदेश शासन के जल गंगा संवर्धन अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत डेहरी आमढ़ाना, नवांकुर समिति “नवोदित ग्रामोत्थान महिला एवं बाल विकास समिति” तथा मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में नंदियाघाट मंदिर एवं बाजार परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान का शुभारंभ सामूहिक श्रमदान के साथ हुआ, जिसमें मंदिर परिसर, बाजार क्षेत्र एवं आसपास फैले प्लास्टिक, कागज एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर साफ-सफाई की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना, जल स्रोतों के संरक्षण को बढ़ावा देना तथा ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता पैदा करना था।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत डेहरी आमढ़ाना की सरपंच श्रीमती सुखमणि उइके, श्री राधेश्याम उइके, पंचायत सचिव श्री प्रहलाद जी, रोजगार सहायक श्री बसंत जी, श्री परशुराम उइके, श्री अवधेश उइके एवं श्री नवीन कुमार सहित अनेक ग्रामीणजन एवं युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के परामर्शदाता श्री विजय कुमार महतो, आदित्य वर्मा (BSW) तथा हरेंद्र सिंह शास्त्री ने अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित समाज का निर्माण संभव है।
नवांकुर समिति “नवोदित ग्रामोत्थान महिला एवं बाल विकास समिति” के सहयोग से आयोजित इस अभियान में ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित प्रबंधन करने, प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने तथा जल स्रोतों के संरक्षण हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ग्राम निर्माण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अपने गांव, मंदिर परिसर, बाजार क्षेत्र एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
“जल है तो कल है – स्वच्छता अपनाएं, पर्यावरण बचाएं” के संदेश के साथ अभियान का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
स्थान: नंदियाघाट मंदिर एवं बाजार परिसर, ग्राम पंचायत डेहरी आमढ़ाना, जिला बैतूल (म.प्र.)
दिनांक: 09 जून 2026
आयोजक: ग्राम पंचायत डेहरी आमढ़ाना, नवांकुर समिति “नवोदित ग्रामोत्थान महिला एवं बाल विकास समिति” एवं मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News