Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं विधायक अर्चना चिटनिस

By
On:

खबरवाणी

प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं विधायक अर्चना चिटनिस

बुरहानपुर। विगत दिनों आई आंधी, तूफान एवं बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों के दर्द को समझने और नुकसान की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए जल संसाधन मंत्री एवं बुरहानपुर जिला प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने बुरहानपुर जिले के ग्राम खामनी, टेंभी, दरियापुर रैयत सहित प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर खेतों में पहुंचकर फसलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
निरीक्षण के दौरान खेतों में बिछी फसलें, क्षतिग्रस्त पौधे और किसानों के चेहरों पर चिंता साफ दिखाई दी। विशेष रूप से केला सहित अन्य फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेते हुए जनप्रतिनिधियों ने किसानों से आत्मीय चर्चा की और उन्हें ढांढस बंधाया। किसानों ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की जानकारी साझा की, जिस पर प्रभारी मंत्री एवं विधायक ने संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुनी।
विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि किसानों की मेहनत और उम्मीदों पर आई इस प्राकृतिक आपदा की भरपाई के लिए नुकसान का वास्तविक एवं निष्पक्ष आकलन आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान राहत से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सर्वे केवल कागजी प्रक्रिया न बनकर खेतों की वास्तविक स्थिति के आधार पर होना चाहिए, जिससे प्रभावित किसानों को न्याय मिल सके। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि कई स्थानों पर केला फसल सहित अन्य कृषि फसलें गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं। ऐसे में प्रत्येक प्रभावित किसान को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत उचित राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने किसानों द्वारा दर्ज कराई जाने वाली आपत्तियों के त्वरित निराकरण तथा सर्वे प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी बनाए रखने पर भी बल दिया।
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक सर्वे कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी प्रभावित किसान को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। प्रत्येक पात्र किसान को शासन की राहत योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाएगा।
निरीक्षण के उपरांत प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी ली। बैठक में फसल नुकसान सर्वे, राहत वितरण, मुआवजा प्रक्रिया तथा किसानों से प्राप्त शिकायतों एवं आपत्तियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय सीमा में पूर्ण की जाएं।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि किसानों के सुख-दुःख में वह सदैव उनके साथ खड़ी हैं। प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिले और उन्हें उनके नुकसान का उचित प्रतिफल प्राप्त हो, इसके लिए वे लगातार गांव-गांव पहुंचकर जमीनी स्थिति का आकलन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अन्नदाता का सम्मान और हित ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी किसान को उसके अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
इस दौरान नेपानगर विधायक सुश्री मंजू राजेन्द्र दादू, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, पूर्व विधायक सुमित्रा कास्डेकर, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, कलेक्टर हर्ष सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागड़ी, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेन्द्र तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, गजेन्द्र पाटिल, गोपाल चौधरी, किशोर पाटिल, अनिल भोंसले, संभाजीराव सगरे, ईश्वर चौहान, सुनील वाघे, नितीन महाजन, आकाश राखुंडे, दिनकर महाजन, वैभव महाजन सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी सहित कृषकगण उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News