अंक ज्योतिष (Numerology) में जन्मतिथि के आधार पर व्यक्ति के स्वभाव, भविष्य और जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं का पता लगाया जाता है। जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 7, 16 या 25 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 7 माना जाता है। अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 7 का स्वामी ग्रह केतु होता है। केतु को रहस्य, आध्यात्म और गहरी सोच का कारक माना जाता है। यही कारण है कि मूलांक 7 वाले लोग बाकी लोगों से कुछ अलग और खास नजर आते हैं।
मूलांक 7 वालों का स्वभाव कैसा होता है?
मूलांक 7 वाले लोग दिल के साफ और खुशमिजाज होते हैं। इन्हें लोगों से मिलना-जुलना पसंद होता है, लेकिन ये अपनी निजी जिंदगी को काफी हद तक गुप्त रखते हैं। इनके अंदर गहरी सोचने-समझने की क्षमता होती है। किसी भी काम को जल्दबाजी में करने के बजाय ये पूरी समझदारी और धैर्य के साथ फैसला लेते हैं। इनकी बात करने की शैली भी बेहद आकर्षक होती है, जिससे लोग आसानी से इनकी ओर खिंचे चले आते हैं।
गजब की होती है सोच और समझ
इस मूलांक के लोग तेज दिमाग और पैनी नजर वाले माने जाते हैं। सामने वाले व्यक्ति के स्वभाव को ये बहुत जल्दी पहचान लेते हैं। कई बार इन्हें किसी घटना या खतरे का आभास पहले ही हो जाता है। यही वजह है कि लोग इन्हें रहस्यमयी व्यक्तित्व वाला इंसान मानते हैं। इनके मन में क्या चल रहा है, इसका अंदाजा लगाना आसान नहीं होता।
मूलांक 7 वालों के लिए बेस्ट करियर
करियर की बात करें तो मूलांक 7 वाले लोग रिसर्च, विज्ञान और विश्लेषण से जुड़े क्षेत्रों में खूब नाम कमाते हैं। ज्योतिष, आध्यात्म, मनोविज्ञान, मेडिकल और डेटा एनालिसिस जैसे क्षेत्रों में इन्हें अच्छी सफलता मिलती है। इसके अलावा लेखन, कविता, पत्रकारिता, फिल्म निर्माण और कला के क्षेत्र भी इनके लिए काफी शुभ माने जाते हैं। अपनी मेहनत और बुद्धिमानी के दम पर ये ऊंचे मुकाम तक पहुंचते हैं।
आध्यात्म और रहस्य से होता है खास लगाव
केतु ग्रह के प्रभाव के कारण मूलांक 7 वाले लोगों का झुकाव आध्यात्म की ओर अधिक रहता है। इन्हें जीवन के गहरे रहस्यों को जानने और समझने में रुचि होती है। कई लोग ध्यान, योग और धार्मिक गतिविधियों में भी रुचि लेते हैं। अकेले समय बिताना और आत्मचिंतन करना इन्हें अच्छा लगता है।
अपनी मेहनत से बनाते हैं पहचान
मूलांक 7 वाले लोग जीवन में किसी पर निर्भर रहना पसंद नहीं करते। ये अपने दम पर आगे बढ़ने में विश्वास रखते हैं। कठिन परिस्थितियों में भी ये हिम्मत नहीं हारते और धैर्य के साथ चुनौतियों का सामना करते हैं। यही गुण इन्हें जीवन में सफलता दिलाते हैं। अपनी मेहनत, समझदारी और आत्मविश्वास के बल पर ये समाज में एक अलग पहचान बनाने में कामयाब होते हैं।
Read also :- बिरूल बाजार में सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाया जाए, सौपा ज्ञापन





