उत्तर प्रदेश में 1 जून 2026 से कई बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं। इन नए नियमों का असर आम जनता, सरकारी कर्मचारियों, किसानों, युवाओं और बिजली उपभोक्ताओं पर सीधा देखने को मिलेगा। योगी सरकार और केंद्र सरकार की तरफ से लागू किए जा रहे ये नियम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बदल सकते हैं। आइए जानते हैं आखिर क्या-क्या बदलने वाला है।
सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत, DA बढ़ा
प्रदेश के करीब 16 लाख सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए खुशखबरी है। सरकार ने महंगाई भत्ता यानी DA में 2 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। अब कर्मचारियों को 58% की जगह 60% DA मिलेगा। जून में आने वाली सैलरी में इसका फायदा सीधे खाते में दिखाई देगा। इससे कर्मचारियों की जेब थोड़ी और भारी होगी।
बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव
स्मार्ट प्रीपेड मीटर से परेशान लोगों को अब राहत मिलने वाली है। सरकार ने फैसला लिया है कि 1 जून से फिर से पोस्टपेड बिजली बिल व्यवस्था लागू होगी। अब हर महीने की 10 तारीख तक बिजली बिल घर पहुंच जाएगा और 25 तारीख तक भुगतान किया जा सकेगा। इसके अलावा जिन लोगों से मीटर लगाते समय ज्यादा पैसे वसूले गए थे, उन्हें ₹3216 तक का एडजस्टमेंट भी मिलेगा।
कोर्ट समन अब WhatsApp पर भी आएगा
अब अदालतों में भी डिजिटल सिस्टम तेजी से लागू हो रहा है। 1 जून से कोर्ट का समन WhatsApp और Email के जरिए भेजा जा सकेगा और यह पूरी तरह कानूनी रूप से मान्य होगा। वहीं यूपी पुलिस बिना कारण बताए किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकेगी। गिरफ्तारी के समय साफ वजह बताना जरूरी होगा।
किसानों और युवाओं को मिलेगा फायदा
किसानों के लिए सरकार ने खरीफ फसलों के बीज पर 50% सब्सिडी देने का ऐलान किया है। धान, मक्का जैसी फसलों के बीज आधे दाम पर मिलेंगे। वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में अब 18 साल के युवा भी बिना गारंटी ₹5 लाख तक का लोन ले सकेंगे। इसके साथ ही “AI For All” नाम से फ्री आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कोर्स भी शुरू किया जा रहा है।
शराब और दवाइयों की कीमतें बढ़ेंगी
1 जून से आम आदमी की जेब पर थोड़ा और बोझ बढ़ सकता है। डायबिटीज और हार्ट की दवाइयों के दाम 20 से 30 फीसदी तक बढ़ सकते हैं। वहीं बीयर और शराब भी महंगी होने वाली है। ग्लास बोतलों और कैन की लागत बढ़ने के कारण शराब कंपनियां कीमतें बढ़ाने की तैयारी में हैं।
इन सभी नए नियमों का असर यूपी के करोड़ों लोगों पर पड़ेगा। इसलिए जरूरी है कि आप पहले से इन बदलावों की जानकारी रखें ताकि बाद में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
Read Also :- कर्नाटक में सियासी भूचाल! क्या सीएम सिद्धारमैया देंगे इस्तीफा?





