खबरवाणी
अम्बेडकर जयंती समारोह में पुलिस अधिकारियों का किया सम्मान
21 लाख की चोरी का 12 दिन में खुलासा बना सम्मान का आधार
हजारों लोगों की मौजूदगी में पुलिस ग्राउंड आमला में हुआ कार्यक्रम
बैतूल। 14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती के अवसर पर पुलिस ग्राउंड आमला में आयोजित भव्य समारोह में पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन और आमला थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया को संविधान निर्माता डॉ. बी. आर. अम्बेडकर आस्था सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हजारों उपासक-उपासिकाएं उपस्थित रहे और रात्रि करीब 9 बजे मंच से दोनों अधिकारियों का सम्मान किया गया।
यह सम्मान आमला निवासी ओमकार टिकारे के घर हुई 21 लाख रुपए की चोरी का महज 11-12 दिनों में खुलासा करने पर दिया गया। एसपी के निर्देशन में थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को सुलझाया, जिसे डॉ. बाबा साहब आंबेडकर के उस कथन से जोड़ा गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि संविधान कितना भी अच्छा क्यों न हो, उसे लागू करने वाले अच्छे होना चाहिए।
कार्यक्रम में आमला व्यापारी संघ अध्यक्ष संजय साहू, अनिल सोनी, शैलेन्द्र (शैलु) भावसार, प्रकाश साहू, भोला वर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आमला नगरपालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे और समाजसेवक चन्द्रशेखर पंडोले की उपस्थिति में मंच पर आमला विधायक डॉ. योगेश पण्डागरे, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनोज मालवे और संचालक शिवकुमार गुजरे के हाथों थाना प्रभारी को सम्मान पत्र भेंट किया गया, वहीं पुलिस अधीक्षक के नाम से भी सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवकों ने मध्य प्रदेश सरकार से मांग की कि ऐसे कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों को राज्य स्तर पर भी सम्मानित किया जाए, जिससे कानून व्यवस्था मजबूत हो और आम जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक बढ़े।






