खबरवाणी
मुलताई भार्गव सभा की कार्यकारिणी में महिलाओं को मिलेगा 50 फीसदी आरक्षण
मुलताई। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुलताई भार्गव सभा द्वारा सोमवार को ताप्ती तट स्थित भगवान सत्यनारायण मंदिर परिसर मे महिला एवं पुरुष सदस्यों की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का शुभारंभ पवित्र ईश वंदना के साथ हुआ, जिसमें महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। सभा द्वारा यह घोषणा की गई कि नए बनाए जा रहे संविधान के अंतर्गत अब कार्यकारिणी में महिलाओं को 50 प्रतिशत का आरक्षण दिया जाएगा।
समाज की प्रगति और आगामी योजनाओं पर चर्चा करते हुए ‘मुलताई महिला भार्गव सभा’ के गठन की रूपरेखा तय की गई। इसके तहत अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने अरुण भार्गव तथा राजेन्द्र भार्गव को सर्वसम्मति से चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। बैठक के दौरान सभा के सचिव यश भार्गव ने समाज के सुचारू संचालन के लिए निर्मित किए जा रहे नए संविधान की विस्तृत जानकारी और प्रगति रिपोर्ट सभी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की।
बैठक में सभा के अध्यक्ष श्री संदीप भार्गव ने अप्रैल माह से प्रारंभ हो रहे आगामी सत्र का विज़न समाज के सामने रखा।वहीं आगामी सत्र में प्रतिमाह होने वाली बैठकों के आयोजकों का निर्धारण भी सर्वसम्मति से किया गया। कोषाध्यक्ष मनीष भार्गव ने बीते सत्र के आय-व्यय का संपूर्ण ब्यौरा पूरी पारदर्शिता के साथ उपस्थित सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया।
इसके अतिरिक्त, शिक्षा और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए अखिल भारतीय भार्गव सभा द्वारा दी जाने वाली सहायता के फॉर्म भी सभा के समक्ष रखे गए। इसमें स्कॉलरशिप के लिए 4 फॉर्म तथा समाज कल्याण सहायता के लिए 1 फॉर्म प्राप्त हुआ है, जिन पर नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।बैठक में समाज की मातृशक्ति एवं पुरुष सदस्यों ने भारी संख्या में उपस्थित होकर अपनी बहुमूल्य सहभागिता दर्ज की। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर राष्ट्रगान किया।





