Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

ट्विशा शर्मा डेथ केस: 12 दिन बाद हुआ अंतिम संस्कार, रिटायर्ड जज के घर पहुंची पुलिस टीम

By
On:

भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। मौत के पूरे 12 दिन बाद ट्विशा का अंतिम संस्कार भदभदा विश्राम घाट पर किया गया। इस दौरान परिवार का रो-रोकर बुरा हाल दिखा। हाईकोर्ट के आदेश के बाद AIIMS दिल्ली की डॉक्टरों की टीम ने दोबारा पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

12 दिन बाद नम आंखों से हुई बेटी की विदाई

रविवार सुबह भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार किया गया। परिवार और रिश्तेदारों की आंखें नम थीं। ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने आम लोगों और समाजसेवियों से बेटी की अंतिम यात्रा में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि “ये सिर्फ हमारे परिवार का दुख नहीं, पूरे समाज के लिए बड़ा सवाल है।” अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया।

हाईकोर्ट के आदेश पर AIIMS दिल्ली ने किया दोबारा पोस्टमार्टम

ट्विशा की मौत के बाद पहला पोस्टमार्टम सवालों के घेरे में आ गया था। परिवार का आरोप था कि शुरुआती पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट के निशान, गले की हालत और कई अहम फॉरेंसिक पहलुओं को नजरअंदाज किया गया। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा। कोर्ट ने गंभीरता दिखाते हुए AIIMS दिल्ली की चार सदस्यीय मेडिकल टीम से री-पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। रविवार तड़के करीब 3:40 बजे पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।

रिटायर्ड जज सास के घर पहुंची पुलिस और डॉक्टरों की टीम

पोस्टमार्टम खत्म होते ही जांच एजेंसियां एक्टिव हो गईं। AIIMS दिल्ली के डॉक्टरों और भोपाल पुलिस की संयुक्त टीम कटारा हिल्स स्थित ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर पहुंची। यहीं 12 मई को ट्विशा का शव मिला था। पुलिस ने डॉक्टरों की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और “स्पॉट वेरिफिकेशन” किया। अफसर हर एंगल से यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर मौत कैसे हुई।

परिवार ने लगाए दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप

33 साल की ट्विशा शर्मा की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि ट्विशा को लगातार दहेज के लिए परेशान किया जाता था और मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी। वहीं ससुराल पक्ष का दावा है कि ट्विशा ड्रग्स की लत से परेशान थी। दोनों पक्षों के आरोपों के बीच मामला और ज्यादा उलझता जा रहा है।

पति समार्थ सिंह गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

इस मामले में पुलिस ने ट्विशा के पति समार्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। पति समार्थ सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है। अब री-पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद केस में कई नए खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है। पूरे भोपाल में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Read Also :- नीट पेपर लीक के विरोध में घोड़ाडोंगरी ब्लॉक कांग्रेस ने निकाला विशाल मसाल जुलूस

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News