Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

Tendue Ki Mout – तेंदुए की मौत के मामले में गाय मालिक को लिया हिरासत में

By
On:

डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम, जहर देने का संदेह

Tendue Ki Moutबैतूल जिले के चोपना थाना के अंतर्गत वन विकास निगम के जंगल से सटे बादलपुर के पास तेंदुए का शव पड़ा मिला। जिसकी सूचना पर चोपना पुलिस, सारनी वन परिक्षेत्र की टीम और वन विकास निगम की टीम रात में ही मौके पर पहुंची। आज सुबह तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सतपुड़ा टाईगर रिजर्व से डॉक्टरों की टीम और शाहपुर के डॉक्टर मौके पर पहुंचे और पोस्टमार्टम शुरू किया। इसके अलावा डॉग स्क्वाड की टीम भी पहुंची। अधिकारियों ने संदेह जताया है कि तेंदुए को जहर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी कि तेंदुए की मौत किस कारण से हुई है।

गाय मालिक को लिया हिरासत में | Tendue Ki Mout

वन विकास निगम के डीएम एमएस सोलंकी ने सांध्य दैनिक खबरवाणी से चर्चा में बताया कि जिस स्थान पर तेंदुए का शव मिला है उसके पास ही सुभाष सेन नामक व्यक्ति का खेत है। घटना स्थल के पास एक गाय मरी पड़ी मिली है जिसे तेंदुए ने खाया था। इस मामले को लेकर गाय मालिक सुभाष सेन को हिरासत में लिया है और उसके घर से दवा भी बरामद की है। यह दवा डॉक्टरों को दी गई है। बिसरा की जांच के बाद दवा से मिलान किया जाएगा। जैसा कि संदेह है कि तेंदुए की मौत जहर से हुई है। उसी एंगल पर जांच की जा रही है।

पीएम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद और बिसरा की जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि तेंदुए की मौत किन कारणों से हुई है? श्री सोलंकी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौके पर ही तेंदुए का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इसके अलावा हिरासत में लिए गए गाय मालिक सुभाष सेन से पूछताछ की जाएगी। शुरूवाती पूछताछ में सुभाष सेन ने बताया कि खेत में उसकी गाय बंधी थी जिसे तेंदुए ने मार डाला। पोस्टमार्टम के दौरान सुभाष सेन को मौके पर ही रखा गया था।

कंपार्टमेंट नंबर 413 के पास मिला शव | Tendue Ki Mout

सारणी वन परिक्षेत्र अधिकारी एस नायक के मुताबिक बादलपुर के जंगल में कंपार्टमेंट नंबर 413 में तेंदुए का शव मिला है। यह इलाका वन विकास निगम के क्षेत्र में आता है। जिसके बाद निगम के अमले को सूचित किया गया है। मौके पर वन अमला और निगम कर्मचारी रवाना हुए है। एसडीओ फॉरेस्ट अजय वाहने ने भी तेंदुए का शव मिलने की पुष्टि की है। शव बादलपुर से करीब 5 किमी दूर ग्रामीण निरंजन मंडल के खेत में मिला है।

व्यस्क है तेंदुआ

एसडीओपी सारणी रोशन जैन ने बताया की जंगल में मिला शव वयस्क तेंदुए का है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेंदुए का पूरा शव सुरक्षित है। उसका कोई अंग मिसिंग नहीं है। लेकिन यह वन विभाग की और जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल यह प्राकृतिक मृत्यु का मामला है या कोई घटना से ऐसा हुआ है। घटनास्थल से पुनर्वास क्षेत्र भी करीब है। मौके पर निगम का अमला भी पहुंच रहा है। जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई जारी होगी। इस इलाके में जंगल के क्षेत्र में अतिक्रमण भी किया गया है। इसलिए आशंका है की तेंदुए की मौत किसी घटनाक्रम के तहत भी हो सकती है। इसे जहर देकर मारे जाने की भी आशंका है। लेकिन फिलहाल मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

For Feedback - feedback@example.com

Leave a Comment

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News