खबरवाणी
घोड़ाडोंगरी में तेज रफ्तार पर लगेगा अंकुश, गति अवरोधक निर्माण शुरू
घोड़ाडोंगरी नगर क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अब वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। नगर के रिहायशी क्षेत्र से गुजरने वाली फोरलेन सड़क पर तेज गति से हो रही दुर्घटनाओं को लेकर घोड़ाडोंगरी चौकी प्रभारी आम्रपाली दहाट द्वारा एमपी रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एमपी आरडीसी) को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया गया था।
पत्र में उल्लेख किया गया कि उक्त मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, व्यापारियों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों का आवागमन होता है। गति अवरोधक नहीं होने के कारण भारी और तेज रफ्तार वाहन बेखौफ होकर गुजरते हैं, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर व्यापारी संघ द्वारा भी पूर्व में प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा चुका है।
चौकी प्रभारी आम्रपाली दहाट ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम को प्राथमिकता देते हुए एमपी आरडीसी से गति अवरोधक निर्माण की मांग की गई थी। पुलिस के पत्र को संज्ञान में लेते हुए एमपी आरडीसी द्वारा दुर्घटना संभावित एवं अत्यधिक गति वाले चिन्हित स्थानों पर गति अवरोधक निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
एमपी आरडीसी के सहायक महाप्रबंधक राजकुमार नागले ने बताया कि पुलिस द्वारा बताए गए संवेदनशील स्थानों पर सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मानकों के अनुरूप गति अवरोधक बनाए जा रहे हैं। गति अवरोधक बनने से वाहनों की गति नियंत्रित होगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि गति अवरोधक निर्माण से घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी और भविष्य में सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।





