खबरवाणी
वीआईपी स्कूल के पास ट्रक से टकराई स्कूटी, दो युवकों की मौत
मुलताई। नेशनल हाईवे नागपुर फोरलेन पर थावरिया नाला वीआईपी स्कूल के पास सोमवार की दोपहर एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी. जिससे स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया जाता है खेड़ी देवगांव निवासी बारीक उर्फ हेमराज धुर्वे (18) मुलताई के एक रेस्टोरेंट में काम करता था। रविवार 15 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह मुलताई से अपने दोस्त सुखदेव कहार के साथ स्कूटी से घर लौट रहा है। रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली की थावरिया नाला, नागपुर रोड के पास ट्रक क्रमांक आरजे 14 जीई 0676 से उनकी स्कूटी का एक्सीडेंट हो गया है। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे से आ रही स्कूटी ट्रक से जा टकराई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुखदेव कहार को मृत घोषित कर दिया,जबकि हेमराज धुर्वे के सिर, जांघ, पेट और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन हेमराज को बेहतर इलाज के लिए एम्बुलेंस से नागपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मल्हारा पंखा के पास उसकी भी मौत हो गई। मृतक हेमराज के पिता ने ट्रक चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से गांव और परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।





