खबरवाणी
मोदी सरकार का बजट जनता को भ्रमित करने वाला, महंगाई-बेरोजगारी पर मौन, केवल पूंजीपतियों के हितों का बजट — रिंकू टॉक
बुरहानपुर।
केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा आज संसद में प्रस्तुत किया गया केंद्रीय बजट पूरी तरह से जनविरोधी, किसान-मजदूर विरोधी और मध्यम वर्ग को निराश करने वाला साबित हुआ है। यह बजट आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में पूरी तरह विफल रहा है। उक्त प्रतिक्रिया जिला कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टॉक ने बजट पर तीखी आलोचना करते हुए दी।
रिंकू टॉक ने कहा कि देश आज महंगाई, बेरोजगारी, गिरती आय और बढ़ते कर्ज की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, लेकिन मोदी सरकार के इस बजट में इन ज्वलंत मुद्दों पर कोई ठोस समाधान नजर नहीं आता। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों से आम आदमी त्रस्त है, लेकिन बजट में महंगाई कम करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के लिए उचित समर्थन मूल्य, मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा, महिलाओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण और गरीबों के लिए मजबूत जनकल्याणकारी योजनाएं—इन सभी मोर्चों पर बजट पूरी तरह निराशाजनक है। बजट में बड़े उद्योगपतियों को एक बार फिर राहत दी गई है, जबकि आम नागरिक के हिस्से सिर्फ आश्वासन आए हैं।
रिंकू टॉक ने आरोप लगाया कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” नहीं बल्कि “चंद पूंजीपतियों का विकास” है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा एक बार फिर कागजों तक सीमित रह गया। मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में बजट आवंटन बढ़ाने के बजाय सरकार ने जनता की जरूरतों की अनदेखी की है।
उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग को टैक्स राहत के नाम पर गुमराह किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि बढ़ती महंगाई और अप्रत्यक्ष करों का बोझ उसी वर्ग पर सबसे ज्यादा पड़ रहा है। छोटे व्यापारियों और स्वरोजगार करने वालों के लिए बजट में कोई ठोस पैकेज नहीं है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि मोदी सरकार का यह बजट चुनावी बजट है, जिसमें आंकड़ों की बाजीगरी कर जमीनी सच्चाई छिपाने की कोशिश की गई है। ग्रामीण भारत, आदिवासी समाज, अल्पसंख्यक वर्ग और कमजोर तबकों की समस्याओं पर सरकार पूरी तरह मौन है।
अंत में रिंकू टॉक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी बजट का हर स्तर पर विरोध करेगी और जनता की आवाज को सड़क से संसद तक मजबूती से उठाएगी। कांग्रेस गरीब, किसान, मजदूर, युवा और मध्यम वर्ग के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी और भाजपा सरकार की नाकाम नीतियों को बेनकाब करती रहेगी।
— रिंकू टॉक
अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी, बुरहानपुर (शहर)





