खबरवाणी
कृषक कल्याण वर्ष 2026: ग्राम कनौजिया में पहुंचा कृषि रथ,
किसानों को मिली आधुनिक खेती की जानकारी
कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अवसर पर आमला विकासखंड की ग्राम पंचायत कनौजिया में बुधवार को कृषि रथ के माध्यम से कृषक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर आधुनिक कृषि तकनीकों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
उपसंचालक कृषि बैतूल डॉ. आनंद बड़ोनिया ने बताया कि कार्यशाला के दौरान किसानों को ई-टोकन प्रणाली, नरवाई प्रबंधन के लिए उपयोगी आधुनिक कृषि यंत्रों जैसे स्ट्रा रीपर, रीपर-कंबाइनर की जानकारी दी गई। इसके साथ ही ई-यंत्र पोर्टल के माध्यम से कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई। किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के फायदे बताते हुए रासायनिक लागत कम कर उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में पशुपालन एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर सहायक कृषि यंत्री, कृषि अभियांत्रिकी विभाग से डॉ. प्रमोद मीणा, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसके तिवारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सतीश भोंडे, पशुपालन विभाग से हेमलता नागले, शीला नागले, उघान विस्तार अधिकारी एवं क्षेत्रीय कृषि विस्तार अधिकारी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





