Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

आईपीएल 2025 के बचे मैच कराने इंग्लैंड तैयार : माइकल वॉन

By
On:

नई दिल्ली । भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण आईपीएल 2025 को शुक्रवार को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया। इसके बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि अगर शेष मैच भारत में आयोजित नहीं हो पाते, तो बीसीसीआई के पास कौन से विकल्प मौजूद हो सकते हैं। इस बीच, इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ने इंग्लैंड में आईपीएल के मैचों को आयोजित करने का प्रस्ताव दिया था, जिसके बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बीसीसीआई से टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर बातचीत शुरू की है।
एक इंग्लिश मैगजीन के मुताबिक, शुक्रवार की शाम को ईसीबी ने बीसीसीआई से संपर्क किया। हालांकि, बीसीसीआई की तरफ से इस बातचीत को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि आईपीएल 2025 को तत्काल प्रभाव से एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने प्रमुख हितधारकों के साथ परामर्श करने के बाद यह निर्णय लिया।
गौरतलब है कि गुरुवार को जम्मू और पठानकोट में हवाई हमले की चेतावनी मिलने के बाद धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच को रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद आईपीएल के भविष्य को लेकर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे थे। बीसीसीआई सचिव ने एक विज्ञप्ति में कहा, “बीसीसीआई ने आईपीएल के बाकी मैच तुरंत प्रभाव से एक सप्ताह के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है। नए कार्यक्रम और टूर्नामेंट के आयोजन के बारे में समय आने पर जानकारी दी जाएगी। इस निर्णय से पहले संबंधित अधिकारियों और हितधारकों के साथ हालात की व्यापक समीक्षा की जाएगी।” आईपीएल 2025 का समापन 25 मई को कोलकाता में होने वाला था, लेकिन अब बोर्ड बाकी 16 मैचों (12 लीग और 4 नॉकआउट) को सही समय पर कराने की कोशिश करेगा। ऐसी अटकलें हैं कि अगर सितंबर में होने वाला एशिया कप रद्द हो जाता है, तो यह टूर्नामेंट के आयोजन के लिए एक संभावित विंडो बन सकती है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News