खबरवाणी
भौरा अतिथि भवन में आम बजट पर विमर्श, विधायक उईके ने बताया जनोन्मुखी और विकासपरक
भौरा। रविवार को ग्राम पंचायत भौरा के अतिथि भवन में आम बजट को लेकर चर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ नगर के व्यापारी बंधु, प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथि भवन में टीवी के माध्यम से देश का आम बजट लाइव सुना गया। बजट प्रस्तुति के पश्चात उपस्थित जनों के साथ बजट के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा यह बताया गया कि बजट के निर्णयों से आम नागरिक, किसान, व्यापारी, युवा और महिलाओं को किस प्रकार लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट देश के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बजट में बुनियादी ढांचे के विकास, रोजगार सृजन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती, किसानों की आय बढ़ाने तथा मध्यम वर्ग को राहत देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़े प्रावधान समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने वाले हैं। विधायक उईके ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आर्थिक स्थिरता के साथ-साथ विकास की गति को बनाए रखना है। यह बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त करेगा और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने इसे दूरदर्शी, संतुलित और जनहितैषी बजट बताया। चर्चा के दौरान उपस्थित नागरिकों एवं व्यापारियों ने भी बजट को लेकर अपने विचार साझा किए और सरकार द्वारा किए गए प्रावधानों की सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को बजट की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराना और इसके प्रभावों को सरल एवं तथ्यपरक रूप में समझाना रहा





