महिलाएं अपने लुक को लेकर काफी सजग रहती हैं। खूबसूरत ड्रेस, अच्छा मेकअप और सही एक्सेसरीज हर किसी को आकर्षक बनाती हैं। लेकिन कई बार पूरी तैयारी के बाद भी कुछ कमी महसूस होती है। इसकी सबसे बड़ी वजह गलत लिपस्टिक शेड का चुनाव हो सकता है। अगर ड्रेस और लिपस्टिक का रंग एक-दूसरे के साथ मैच नहीं करता, तो पूरा लुक फीका पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि लाल, पीली और पर्पल ड्रेस के साथ कौन-सी लिपस्टिक सबसे ज्यादा जचेगी।
लाल ड्रेस के साथ कौन-सी लिपस्टिक लगाएं?
अगर आपने लाल रंग की ड्रेस पहनी है, तो क्लासिक रेड लिपस्टिक आपके लुक में चार चांद लगा सकती है। ध्यान रखें कि लिपस्टिक का शेड ड्रेस से थोड़ा हल्का हो, ताकि चेहरा और ज्यादा निखरकर सामने आए। वहीं अगर आप सिंपल और एलिगेंट लुक चाहती हैं, तो न्यूड, पीच या रोज पिंक शेड भी बेहतरीन विकल्प हैं। दिन के फंक्शन, ऑफिस पार्टी या कैजुअल इवेंट में ये रंग काफी शानदार लगते हैं।
पीली ड्रेस के साथ कौन-सा शेड देगा फ्रेश लुक?
पीला रंग अपने आप में काफी चमकदार और फ्रेश महसूस होता है। ऐसे में इसके साथ कोरल, पीच, ऑरेंज टोन या वार्म पिंक लिपस्टिक बहुत सुंदर लगती है। अगर आपकी ड्रेस हल्के पीले रंग की है, तो न्यूड पीच शेड चुन सकती हैं। वहीं ब्राइट येलो ड्रेस के साथ कोरल या हल्की ऑरेंज टच वाली लिपस्टिक आपके पूरे लुक को और आकर्षक बना सकती है।
पर्पल ड्रेस के साथ कौन-सी लिपस्टिक रहेगी बेस्ट?
पर्पल ड्रेस के साथ बेरी, प्लम, माउव और रोज पिंक शेड्स सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं। ये रंग चेहरे की खूबसूरती को और उभारते हैं। अगर आपकी ड्रेस डार्क पर्पल है, तो हल्का पिंक या माउव शेड बैलेंस्ड लुक देता है। वहीं लाइट पर्पल आउटफिट के साथ बेरी टोन लिपस्टिक चेहरे को ग्लैमरस और स्टाइलिश बनाती है।
स्किन टोन के हिसाब से करें लिपस्टिक का चुनाव
सिर्फ ड्रेस का रंग देखकर लिपस्टिक चुनना सही नहीं होता। अपनी स्किन टोन का भी ध्यान रखना जरूरी है। जो शेड किसी एक व्यक्ति पर अच्छा लगता है, जरूरी नहीं कि वह हर किसी पर उतना ही खूबसूरत लगे। गेहुंआ रंगत पर वार्म शेड्स और फेयर स्किन पर सॉफ्ट पिंक या न्यूड शेड्स अक्सर ज्यादा जंचते हैं।
दिन और रात के फंक्शन में रखें इन बातों का ध्यान
दिन के समय हल्के और सॉफ्ट शेड्स ज्यादा अच्छे लगते हैं, जबकि रात के फंक्शन में बोल्ड और डार्क शेड्स आपका लुक निखार सकते हैं। साथ ही अगर आपने आंखों का मेकअप ज्यादा डार्क किया है, तो लिपस्टिक को हल्का रखें। इससे आपका चेहरा ओवर मेकअप वाला नहीं लगेगा और पूरा लुक संतुलित दिखाई देगा।
सही लिपस्टिक शेड न सिर्फ आपकी ड्रेस को कॉम्प्लिमेंट करता है, बल्कि आपके पूरे व्यक्तित्व को भी निखार देता है। इसलिए अगली बार तैयार होते समय ड्रेस के साथ-साथ लिपस्टिक के रंग पर भी खास ध्यान दें।
Read Also :- मई 2026 में धमाका! Maruti Suzuki Invicto पर ₹2.15 लाख तक की भारी छू





