Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

अर्चना चिटनिस ने बुरहानपुर में निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव हेतु मुख्यमंत्री से किया आग्रह

By
On:

खबरवाणी

अर्चना चिटनिस ने बुरहानपुर में निमाड़ इंडस्ट्री कॉन्क्लेव हेतु मुख्यमंत्री से किया आग्रह

बुरहानपुर। बुरहानपुर जिले के नेपानगर में आयोजित जनजातीय सम्मेलन में प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति के बीच क्षेत्रीय विकास और जन-आकांक्षाओं की गूंज सुनाई दी। इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने मुख्यमंत्री के समक्ष बुरहानपुर जिले के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी रूप से रखा तथा क्षेत्र की निरंतर प्रगति और समृद्धि के लिए उनका स्नेहपूर्ण आशीर्वाद और सहयोग चाहा।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर जिले और विशेषकर नेपानगर क्षेत्र के लिए यह अत्यंत गौरव और सौभाग्य का विषय है कि विगत दो माह के भीतर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दो बार आत्मीय सानिध्य और आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले माह 14 फरवरी 2026 को बुरहानपुर आगमन उसके बाद पुनः आज 15 मार्च 2026 को जिले में नेपानगर में मुख्यमंत्री का आगमन क्षेत्र के विकास संकल्पों को नई ऊर्जा देने वाला है। उन्होंने कहा कि नेपानगर क्षेत्र मुख्य रूप से वनवासी और जनजातीय समाज की बहुलता वाला क्षेत्र है, जहाँ के लोगों की वर्षों पुरानी पीड़ा और समस्याओं को समझते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पट्टों का वितरण कर उन्हें उनकी जमीन का मालिकाना हक दिलाना ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि यह केवल भूमि का दस्तावेज नहीं, बल्कि जनजातीय परिवारों के सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा क्रांतिकारी कदम है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री के कुशल आर्थिक नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति निरंतर मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो पिछले दो वर्षों में 1 लाख 28 हजार रुपए से बढ़कर 1 लाख 52 हजार रुपए तक पहुँच गई है। यह इस बात का प्रमाण है कि मध्यप्रदेश आर्थिक प्रगति और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। श्रीमती चिटनिस ने 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले जल संरक्षण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान प्रदेश की जीवनदायिनी नदियों और जल स्रोतों के संरक्षण व पुनर्जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के उच्च शिक्षा मंत्री रहते हुए नई शिक्षा नीति को सबसे पहले मध्यप्रदेश में लागू करने के निर्णय का भी उल्लेख किया और कहा कि इस क्रांतिकारी कदम के परिणाम आज प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के रूप में दिखाई दे रहे हैं।
किसानों के हितों पर चर्चा करते हुए श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित ‘किसान कल्याण वर्ष’ के अंतर्गत प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि रासायनिक खेती से धरती माँ को बचाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की यह दूरदर्शी सोच किसानों की समृद्धि के साथ आने वाली पीढि़यों के लिए भी वरदान साबित होगी। सांस्कृतिक गौरव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिस प्रकार देशभर में महान सम्राट विक्रमादित्य के शौर्य, वैभव और न्यायप्रिय शासन पर आधारित नाटक का मंचन कर भारतीय संस्कृति और इतिहास को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि बुरहानपुर की ऐतिहासिक धरा पर भी सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित इस नाटक का भव्य मंचन कराया जाए, ताकि यहां की जनता भी भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक गौरव से प्रेरणा प्राप्त कर सके।
इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चिटनिस की निर्णायक पहल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रत्यक्ष संवाद के परिणामस्वरूप बुरहानपुर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित करने की घोषणा भी की गई। यह निमाड़ क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री के समक्ष निमाड़ क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं, कृषि आधारित उद्योगों और निवेश के अवसरों का ठोस दृष्टिकोण प्रस्तुत किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सहमति व्यक्त करते हुए कॉन्क्लेव आयोजित करने की घोषणा की। प्रस्तावित कॉन्क्लेव के माध्यम से फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, डेयरी, शुगर, एथेनॉल और अन्य कृषि आधारित उद्योगों को विशेष बढ़ावा मिलने की संभावना है। इससे क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और बुरहानपुर सहित पूरे निमाड़ क्षेत्र को औद्योगिक पहचान मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीमती अर्चना चिटनिस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे बुरहानपुर जिले के विकास और जनसेवा के लिए निरंतर सक्रिय और समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि अर्चना चिटनिस के नेतृत्व और प्रयासों से बुरहानपुर जिले में विकास कार्यों को नई गति मिली है और जिला निरंतर प्रगति की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है। मुख्यमंत्री ने उनके जनहितैषी कार्यों की प्रशंसा करते हुए क्षेत्र के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सराहा।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News