खबरवाणी
शहर की सौहार्दता बिगाड़ने वाला युवक अंकित पंडोले गिरफ्तार, सारनी पुलिस की सख्त कार्रवाई
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। शहर में आपसी सौहार्द और कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास करने वाले युवक अंकित पंडोले को सारनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक जिला बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, जिनके पालन में यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी सारनी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारनी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार दिनांक 20.01.2026 को बाबा मठारदेव मंदिर, सारनी में एबीवीपी संगठन द्वारा मठारदेव मेले के दौरान भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें हिंदू एवं मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों ने सहभागिता की थी।
इसी विषय को लेकर आरोपी अंकित पंडोले द्वारा दिनांक 21.01.2026 को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किया गया, जिसमें बाबा मठारदेव की नगरी में मुस्लिम समाज के लोगों के प्रवेश को लेकर भड़काऊ भाषा का प्रयोग करते हुए हिंदू समाज को उकसाने एवं गाली-गलौज करने का प्रयास किया गया। उक्त कृत्य को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 299 एवं 302 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद एबीवीपी संगठन एवं मुस्लिम समुदाय द्वारा पुलिस को ज्ञापन सौंपा गया था। इसके पश्चात आरोपी द्वारा माफीनामे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी अंकित पंडोले पिता मनोज पंडोले निवासी बालाजी बिहार कॉलोनी सलैया, थाना सारनी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक जयपाल इनवाती थाना प्रभारी सारनी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार उईके चौकी प्रभारी पाथाखेड़ा, प्रधान आरक्षक मनोज डेहरिया, आरक्षक राकेश करपे, आरक्षक रविमोहन दरशिमा, आरक्षक चालक नितिन यादव एवं सैनिक सुभाष रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





