खबरवाणी
एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय संगोष्ठी संपन्न
आमला। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड आमला के डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय आमला में दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर विकासखंड स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन कर किया गया।
कार्यक्रम में गोपेंद्र सिंह बघेल द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि उनके सपनों के भारत की कल्पना में भारतीय समाज की संस्कृति एवं सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर विकास किया जाये। उनके विचार में विकास केवल भौतिक सम्पन्नता नहीं बल्कि मानवीय गरिमा और सामाजिक समरसता का ध्यान रखना भी जरूरी है।
विकासखंड समन्वयक अरविंद माथनकर द्वारा उनके जीवन से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि उनका उद्देश्य था कि समस्त योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे यह सुनिश्चित करना ही विकास का प्रथम चरण है। उनके अनुसार मनुष्य को केवल आर्थिक प्राणी मानकर समाज और राष्ट्र की व्यवस्था नहीं हो सकती, मनुष्य के मन, आत्मा, शरीर, बुद्धि का विकास भी आवश्यक है। अगले चरण में छात्रों द्वारा भी पंडित जी के जीवन चरित्र पर भाषण दिया गया। उसके पश्चात छात्रों द्वारा आदर्श ग्राम की कल्पना पर अपने-अपने विचार रखे गए। कार्यक्रम में परामर्शदाता घनी राम गडेकर, गोपेंद्र सिंह बघेल, अरविंद पाटणकर, श्रीमती पूजा साहू, छोटेलाल बामने, नितेश साहू, नवांकुर संस्था एवं MSW एवं BSW के छात्र उपस्थित थे ।





