Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

नुक्कड़ नाटक में दिखा 25 वर्षों की सेवा का सफर: ऑपरेशन सिंदूर, यूपीआई, आयुष्मान और स्वच्छ भारत बने आकर्षण

By
On:

खबरवाणी

नुक्कड़ नाटक में दिखा 25 वर्षों की सेवा का सफर: ऑपरेशन सिंदूर, यूपीआई, आयुष्मान और स्वच्छ भारत बने आकर्षण

भौंरा। शासकीय बालक उत्तर माध्यमिक विद्यालय भौंरा में नमो सेवा, अनकही कहानी कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सफर और इस दौरान देश में शुरू की गई प्रमुख योजनाओं एवं अभियानों को संवाद और अभिनय के जरिए प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुति में विद्यार्थियों और मौजूद लोगों को विभिन्न योजनाओं के उद्देश्य और उनके आम लोगों से जुड़े पहलुओं से परिचित कराया गया। नुक्कड़ नाटक में ऑपरेशन सिंदूर को देश की सुरक्षा से जुड़े प्रसंग के रूप में प्रस्तुत किया गया। वहीं रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के प्रसंग के जरिए विदेशों में संकट के समय भारत द्वारा चलाए गए निकासी अभियानों की जानकारी दी गई।
नाटक का एक प्रमुख हिस्सा यूपीआई और डिजिटल भुगतान पर केंद्रित रहा। कलाकारों ने बताया कि मोबाइल और क्यूआर कोड के जरिए कुछ सेकंड में भुगतान करने की सुविधा ने रोजमर्रा के छोटे लेन-देन को भी आसान बनाया है। किराना दुकान पर छोटी राशि का भुगतान करने से लेकर अन्य डिजिटल लेन-देन तक को संवाद के जरिए समझाया गया। इसी तरह आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को मिलने वाले स्वास्थ्य सुरक्षा कवर की जानकारी दी गई। योजना के तहत पात्र परिवारों को सालाना 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य कवर मिलने की बात नाटक के माध्यम से बताई गई। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए गंभीर बीमारी के उपचार में आर्थिक सहायता के पहलू को दर्शाया गया।

स्वच्छता और विकास का संदेश भी दिया

नाटक में स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान न मानकर नागरिक जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश दिया गया। कलाकारों ने साफ-सफाई, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और लोगों की भागीदारी के महत्व को संवादों के माध्यम से सामने रखा। प्रस्तुति में सबका साथ, सबका विकास के संदेश को भी शामिल किया गया। कलाकारों ने विकास योजनाओं को समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाने और जनभागीदारी को विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए प्रस्तुति दी।

मंडल अध्यक्ष दिलीप माधव ने कहा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकार की प्रमुख योजनाओं और देश में हुए बदलावों की जानकारी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। विद्यार्थियों और आमजन को योजनाओं के प्रति जागरूक करना ही कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।

कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक टीम से सत्येंद्र चौहान और जय खातरकर ने प्रस्तुति दी। इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल मंत्री महादेव मसकोले, सुनील राठौर, सुनील धुर्वे तथा विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य शिवनारायण बारसे सहित अन्य उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News