खबरवाणी
गणेशोत्सव की धूम नेहरू महाविद्यालय में सजा भव्य पंडाल, विद्यार्थियों ने किया अन्नकूट प्रसाद का वितरण
अशोक नगर। स्थानीय नेहरू महाविद्यालय परिसर में गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ किया जा रहा है। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मिलकर परिसर में एक भव्य एवं आकर्षक गणेश पंडाल सजाया है, जो इन दिनों पूरे कॉलेज परिसर में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
गणपति स्थापना के पश्चात से ही महाविद्यालय में प्रतिदिन सुबह और शाम आरती एवं भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विद्यार्थिय के सहयोग से एक विशेष अन्नकूट प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश की महाआरती और भोग लगाकर की गई। इसके पश्चात महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अनुशासन और सेवा भाव का परिचय देते हुए आए हुए श्रद्धालुओं, अन्य छात्रों, एवं कर्मचारियों को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया। ऐसे धार्मिक व सामाजिक आयोजनों से विद्यार्थियों में सांस्कृतिक मूल्यों, एकजुटता और सेवा भावना का विकास होता है। इस दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर “जय गणेश” और “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से गुंजायमान रहा। आयोजन को सफल बनाने में छात्र परिषद और स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।





